
महराजगंज। जनपद में अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत ठूठीबारी पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (SSB) की संयुक्त टीम ने एक महिला को 53 शीशी नेपाली शराब के साथ गिरफ्तार किया है। बरामद शराब की कुल मात्रा 15.9 लीटर बताई गई है। पुलिस ने आरोपी महिला के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में जनपद में अपराध एवं अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण और अवैध तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी निचलौल रवीन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में थानाध्यक्ष ठूठीबारी अमित कुमार सिंह के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
थाना ठूठीबारी पुलिस और 22वीं वाहिनी SSB की जी कंपनी ठूठीबारी की संयुक्त टीम क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग तथा तस्करी की रोकथाम के लिए अभियान चला रही थी। इसी दौरान एक महिला को प्लास्टिक के बोरे में नेपाली शराब ले जाते हुए पकड़ा गया।
संयुक्त टीम ने महिला के कब्जे से 300 मिलीलीटर की 53 शीशी नेपाली शराब बरामद की। बरामद शराब किसमिस सौफ़ ब्रांड की बताई गई है। इसकी कुल मात्रा 15.9 लीटर है। इसके अलावा शराब ले जाने में इस्तेमाल किया जा रहा एक प्लास्टिक का बोरा भी बरामद किया गया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान बिन्द्रावती (उम्र करीब 55 वर्ष), पत्नी रामलखन, निवासी ग्राम रामगढ़वा, थाना बरगदवा, जनपद महराजगंज के रूप में हुई है।