पनियरा में रामू हत्याकांड का खुलासा, पत्नी और मां ने मिलकर की थी हत्या

    10-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के ब्रह्मपुर गांव में हुए रामू गुप्ता हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के मुताबिक, शराब की लत और घर में आए दिन होने वाले विवाद से परेशान होकर रामू की पत्नी और मां ने मिलकर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस ने दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। उनकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल आधी ईंट और बिजली का तार भी बरामद किया गया है।


पुलिस के अनुसार, 28 वर्षीय रामू गुप्ता को शराब पीने की बुरी लत थी। वह पहले चेन्नई की एक प्लास्टिक फैक्ट्री में काम करता था। वहां हादसे में उसका एक हाथ बुरी तरह जल गया था। इसके बाद वह काम करने लायक नहीं रहा और करीब तीन महीने पहले घर लौट आया था। घर आने के बाद उसकी शराब पीने की आदत बढ़ गई। आरोप है कि वह शराब के लिए घर के बर्तन और पत्नी के गहने तक बेचने लगा था। इसी बात को लेकर घर में अक्सर विवाद होता था।


पुलिस का कहना है कि घटना वाले दिन रामू ने पत्नी के गहने बेचकर शराब पी ली थी। जब उसकी पत्नी और मां ने इस बारे में पूछा तो वह मारपीट करने पर उतारू हो गया। इसी बात से परेशान होकर दोनों ने कथित तौर पर ईंट से हमला किया और बिजली के तार से उसका गला घोंट दिया। इसके बाद शव को घर के चारा-भूसा रखने वाले कमरे में छोड़ दिया। शुक्रवार सुबह रामू का शव घर के चारा-भूसा वाले कमरे में मिला था। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


शुरुआत में पत्नी और मां ने पुलिस को बताया था कि गुरुवार रात करीब 10 बजे रामू शराब पीकर घर आया था। उसने दरवाजा खोलने के लिए काफी देर तक शोर मचाया और ईंट से दरवाजे पर हमला भी किया। दरवाजा नहीं खुलने पर वह गाली देते हुए बगल के कमरे में चला गया और सो गया। सुबह जब दोनों ने उसे देखा तो वह चादर ओढ़कर जमीन पर पड़ा था। काफी देर तक नहीं उठने पर उन्हें शक हुआ। पास जाकर देखने पर उसकी मौत हो चुकी थी।


थानाध्यक्ष कुंवर गौरव सिंह के मुताबिक, पुलिस ने जांच के दौरान मामले का खुलासा किया। सोमवार को ब्रह्मपुर नहर पुलिया के पास से रामू की मां शशिकला (50) और पत्नी सरिता (24) को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने दोनों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल आधी ईंट और बिजली का तार भी बरामद किया है। मामले में बीएनएस की धारा 103(1) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।


रामू अपने पीछे छह साल की बेटी परी और तीन साल के बेटे अंश को छोड़ गया है। घटना के बाद परिवार में दुख का माहौल है। पुलिस टीम में एसआई सारिका सिंह, रमेश चंद्र चौधरी, संदीप कुमार यादव और कांस्टेबल दीपक प्रसाद व राधा सरोज शामिल रहे।




आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।