
महराजगंज। सिसवा नगर पालिका परिषद के वार्ड नंबर-24 चित्रगुप्त नगर (सब्जी मंडी) में मंगलवार, 10 नवंबर 2026 को श्री श्री बालधन लक्ष्मी पूजा सेवा समिति के तत्वावधान में पारंपरिक लोककला रंगोली प्रतियोगिता का भव्य आयोजन किया गया। शाम 6 बजे शुरू हुए इस कार्यक्रम में बच्चों के लिए विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं भी आयोजित की गईं, जिनमें नन्हे-मुन्ने प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी के सदस्य एवं क्षेत्रीय सह-संयोजक अमित जायसवाल अंजन तथा विशिष्ट अतिथि वार्ड सभासद प्रतिनिधि एवं समाजसेवी एमएलसी प्रतिनिधि राजन विश्वकर्मा रहे। आयोजन समिति की ओर से अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया गया। इसके बाद मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का संचालन नंदू विश्वकर्मा ने किया।
नौ बच्चियों ने रंगोली के जरिए दिखाई अपनी प्रतिभारंगोली प्रतियोगिता में कुल नौ बच्चियों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपनी रचनात्मक सोच, कलात्मक प्रतिभा और रंगों के सुंदर संयोजन से आकर्षक रंगोली डिजाइन तैयार किए। प्रतियोगिता में काजल जायसवाल, जैस्मिन जायसवाल, आरंभि जायसवाल, रानी गुप्ता, माही शर्मा, कृति जायसवाल, आरुचि जायसवाल, परी जायसवाल और मोहनी गुप्ता ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिता में मोहिनी मद्धेशिया ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। उन्हें मुख्य अतिथि अमित जायसवाल अंजन ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया। वहीं काजल जायसवाल द्वितीय स्थान पर रहीं, जिन्हें विशिष्ट अतिथि राजन विश्वकर्मा ने पुरस्कृत किया। तीसरा स्थान प्राप्त करने वाली माही शर्मा को मुकुंद सर्राफ ने पुरस्कार प्रदान किया। अन्य प्रतिभागियों को भी समिति की ओर से मेडल एवं नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
गणमान्य लोगों की रही मौजूदगीकार्यक्रम में प्रभात कुमार, अभिषेक कुमार सर्राफ, विजय जायसवाल, सिसवा चौकी प्रभारी दिव्य प्रकाश मौर्य, संदीप यादव और राजू यादव सहित नगर के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समिति के अध्यक्ष प्रदीप मद्धेशिया के नेतृत्व में सहयोगी सूरज मद्धेशिया, नंदू विश्वकर्मा, आकाश गुप्ता, कन्हैया गौड़, कृष्णा, बलराम एवं सागर ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में बच्चे, महिलाएं और समिति के सदस्य मौजूद रहे। देर रात तक आयोजन का उत्साह बना रहा।
अतिथियों ने की समिति के प्रयासों की सराहनाकार्यक्रम के समापन पर अतिथियों ने कहा कि रंगोली भारत की प्राचीन और समृद्ध पारंपरिक लोककलाओं में से एक है। इस तरह के आयोजन बच्चों की छिपी हुई प्रतिभा को सामने लाने के साथ-साथ उनकी रचनात्मक क्षमता और कलात्मक कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने सभी प्रतिभागी बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए आयोजन समिति के प्रयासों की सराहना की और भविष्य में भी ऐसे सांस्कृतिक एवं रचनात्मक कार्यक्रम आयोजित करने की अपील की।