
महराजगंज। सिसवा नगर के अस्पताल रोड पर बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में 19 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा के पास बाइक और पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत के कारण हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, कुशीनगर जनपद के सबया उत्तर टोला निवासी सागर (19), प्रदीप (20) और हिमांशु (17) एक ही बाइक पर सवार होकर सिसवा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सीएचसी के समीप सामने से आ रही पिकअप से उनकी बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि तीनों युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। दुर्घटना में हिमांशु की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही कोठीभार पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिसवा पहुंचाया गया। जहां चिकित्सकों ने सागर और प्रदीप की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
बताया जाता है कि मृतक हिमांशु पुत्र सुरेंद्र मूल रूप से कुशीनगर जनपद के सेखुईं गांव का निवासी था। वह दीपावली की छुट्टियों में अपनी मौसी के घर आया हुआ था। दो भाइयों और एक बहन में हिमांशु सबसे बड़ा था। उसकी असामयिक मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस संबंध में कोठीभार थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और दोनों घायलों को बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मामले में आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।