
बॉलीवुड। बॉलीवुड एक्ट्रेस करीना कपूर खान एक बार फिर चर्चा में हैं। इस बार वजह उनका दिवाली लुक और उसमें पहना गया एक बेहद कीमती पन्ने का पेंडेंट है। करीना ने दिवाली के मौके पर बेज कलर का कफ्तान और मैचिंग पगड़ी पहनी थी। उनके इस शाही अंदाज को रिया कपूर ने स्टाइल किया था। लेकिन उनके गले में पहने गए 30 कैरेट के पन्ने के पेंडेंट को लेकर विवाद खड़ा हो गया है।
दरअसल, मध्य प्रदेश के कांग्रेस नेता अब्बास हफीज ने करीना कपूर खान और उनकी स्टाइलिस्ट रिया कपूर को कानूनी नोटिस भेजा है। उनका आरोप है कि पेंडेंट पर लिखी कुरान की पवित्र आयत को फैशन एक्सेसरी के रूप में दिखाने से मुस्लिम समुदाय की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं। नोटिस में करीना से सोशल मीडिया पर पेंडेंट वाली तस्वीर हटाने, सार्वजनिक रूप से माफी मांगने और भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने का भरोसा देने की मांग की गई है।
क्या है करीना के 30 कैरेट पन्ने के पेंडेंट की खासियत?
करीना के इस पेंडेंट की सबसे खास बात यह है कि इसमें करीब 30 कैरेट का बेशकीमती पन्ना लगा हुआ है। इस पर कुरान की आयत-उल-कुर्सी बेहद बारीकी से लिखी गई है। यह आयत कुरान की सूरह अल-बकरा की 255वीं आयत है, जिसमें अल्लाह की ताकत, ज्ञान और बादशाहत का जिक्र किया गया है। रिया कपूर ने अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में बताया था कि यह पन्ना भोपाल के शाही परिवार का पुश्तैनी गहना है। यह गहना करीना को उनके पति सैफ अली खान के परिवार की तरफ से मिला है।
करीना के इस खास पेंडेंट का रिश्ता भोपाल के शाही परिवार से है। सैफ अली खान की दादी साजिदा सुल्तान, भोपाल के आखिरी शासक नवाब हमीदुल्लाह खान की बेटी थीं। इसी वजह से यह कीमती गहना पटौदी परिवार की विरासत का हिस्सा माना जाता है। यानी करीना के इस पेंडेंट के पीछे सिर्फ फैशन नहीं, बल्कि भोपाल के शाही परिवार का पुराना इतिहास भी जुड़ा हुआ है।
200 साल पुरानी हीरे की कलगी भी रही चर्चा में
करीना के दिवाली लुक में सिर्फ पन्ने का पेंडेंट ही खास नहीं था। उनकी पगड़ी पर लगी हीरे की कलगी ने भी लोगों का ध्यान खींचा। बताया जाता है कि यह कलगी करीब 200 साल पुरानी है और कभी भोपाल के नवाब की हुआ करती थी। कलगी पगड़ी पर लगाया जाने वाला खास आभूषण होता है, जिसे हीरे और दूसरे कीमती पत्थरों से सजाया जाता है।
इस कलगी का सैफ अली खान से भी खास रिश्ता है। बताया जाता है कि सैफ ने अपनी शादी के दौरान भी इसी कलगी को पहना था। अब करीना ने दिवाली के मौके पर इसे अपनी पगड़ी के साथ पहनकर एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया। करीना ने इस खास मौके पर डिजाइनर पुनीत बालाना का तैयार किया हुआ सिल्वर कफ्तान और उससे मैच करती पगड़ी पहनी थी। उनके पूरे लुक में पुराने शाही गहनों और मॉडर्न फैशन का खूबसूरत मेल देखने को मिला।
एक तरफ 30 कैरेट का पुश्तैनी पन्ना था तो दूसरी तरफ करीब 200 साल पुरानी हीरे की कलगी। हालांकि, इसी शाही गहने की वजह से अब करीना कानूनी विवाद में भी घिर गई हैं।