बागापार सहकारी समिति में किसानों से 10 रुपये अतिरिक्त वसूली का आरोप

    12-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। विकास खंड महराजगंज के बागापार स्थित बहुउद्देशीय प्राथमिक ग्रामीण सहकारी समिति लिमिटेड की कार्यप्रणाली को लेकर स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। समिति से जुड़े एक स्थानीय निवासी ने गोदाम संचालन और किसानों से कथित अतिरिक्त वसूली को लेकर गंभीर शिकायत की है।

स्थानीय निवासी विजय कुमार वर्मा द्वारा भेजे गए वीडियो में आरोप लगाया गया है कि समिति में किसानों से निर्धारित राशि के अतिरिक्त 10 रुपये की मांग की जाती है। इसके अलावा गोदाम के संचालन समय को लेकर भी अनियमितता का आरोप लगाया गया है।

शिकायतकर्ता के अनुसार, समिति का गोदाम सुबह 10 बजे खोला जाता है और 11 बजे ही बंद कर दिया जाता है, जबकि परिसर में लगे सूचना बोर्ड पर गोदाम खुलने का समय सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक अंकित है। ऐसे में निर्धारित समय और वास्तविक संचालन के बीच अंतर होने से किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय निवासी ने संबंधित अधिकारियों से मामले का संज्ञान लेने और समिति की कार्यप्रणाली की जांच कराने की मांग की है। किसानों से अतिरिक्त धनराशि मांगे जाने के आरोप की भी जांच किए जाने की आवश्यकता है। अब देखना होगा कि सहकारिता विभाग और संबंधित अधिकारी इस शिकायत पर क्या कार्रवाई करते हैं तथा किसानों को निर्धारित समय पर पारदर्शी ढंग से सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।