महराजगंज: लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, नदी में गिरा 30 वर्षीय युवक, तलाश जारी

    12-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले के बृजमनगंज थाना क्षेत्र में लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। धानी स्थित राप्ती नदी में प्रतिमा विसर्जन करते समय करीब 30 वर्षीय युवक मूर्ति के साथ नदी में गिर गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। युवक का अभी तक पता नहीं चल पाया है। उसकी तलाश में रेस्क्यू टीम जुटी हुई है।


मिली जानकारी के अनुसार, लक्ष्मी माता की प्रतिमा विसर्जन के लिए लोग धानी स्थित राप्ती नदी पहुंचे थे। इसी दौरान प्रतिमा विसर्जन करते समय युवक अचानक मूर्ति के साथ नदी में गिर गया। आसपास मौजूद लोगों ने घटना की सूचना पुलिस और प्रशासन को दी। घटना की जानकारी मिलते ही अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, एसडीएम प्रेम शंकर पांडेय और सीओ दीपशिखा वर्मा मौके पर पहुंचीं। अधिकारियों ने स्थिति का जायजा लिया और युवक की तलाश के लिए राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।


हादसे की सूचना मिलने पर पूर्व विधायक बजरंग बहादुर सिंह भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने अधिकारियों से बातचीत कर युवक की जल्द तलाश करने और बचाव कार्य में तेजी लाने की बात कही। फिलहाल राप्ती नदी में युवक की तलाश जारी है। घटना के बाद परिवार और स्थानीय लोगों में चिंता का माहौल है।



फैज़ अहमद खान

फैज़ अहमद खान (Faiz Ahmad Khan) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रमुख (District Head) के पद पर कार्यरत हैं। यह जिले की संपूर्ण रिपोर्टिंग टीम का नेतृत्व करते हैं और प्रमुख प्रशासनिक, सामाजिक व प्रादेशिक समाचारों का प्रबंधन करते हैं।