
महराजगंज। जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में गंभीर रूप से घायल छात्र अंशु अग्रहरि की इलाज के दौरान मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मिली जानकारी के अनुसार, रघुनाथपुर गांव निवासी कन्हैयालाल अग्रहरि के बेटे अंशु अग्रहरि कोचिंग पढ़कर घर लौट रहे थे।
इसी दौरान अमहवा-समरधीरा चौराहे के आगे पीछे से आ रही तेज रफ्तार पिकअप ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अंशु गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया। हालांकि, हालत गंभीर होने के कारण इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई कर रही है। वहीं, अंशु की अचानक मौत से गांव और आसपास के इलाके में शोक का माहौल है। परिवार के लोगों को इस दुखद घटना से गहरा सदमा पहुंचा है।