
महराजगंज। गोरखपुर-नौतनवा रेल रूट पर बुधवार दोपहर एक दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रेन की चपेट में आने से करीब 22 वर्षीय युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सिसवनिया विशुन निवासी अंकित (22 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसा महराजगंज जिले के पुरंदरपुर थाना क्षेत्र के बोकवा सिंहपुर सिवान में ओवरब्रिज के पास हुआ। बताया जा रहा है कि बुधवार दोपहर करीब 12 बजे ट्रेन नंबर 15105 की चपेट में आने से अंकित की जान चली गई। हादसा इतना अचानक हुआ कि युवक को संभलने का मौका नहीं मिला।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही रेलवे पुलिस और पुरंदरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। अंकित की मौत की खबर जैसे ही परिवार के लोगों को मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, इस हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक का माहौल है।