
नेपाल। नेपाल के मकवानपुर जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यात्रियों से भरी एक इलेक्ट्रिक वैन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस हादसे में 10 लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वैन (ईवी) नंबर मधेश प्रदेश 03-001 ज 0880 काठमांडू से सर्लाही की ओर जा रही थी। इसी दौरान भीमफेदी गांवपालिका-6 के चिसापानी गढ़ी के पास भीमफेदी-कुलेखानी-काठमांडू सड़क पर चालक का वाहन से नियंत्रण हट गया और वैन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। दुर्घटना में कुल 10 लोगों की जान चली गई, जबकि पांच लोग घायल हुए हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
घायलों में सर्लाही जिले के चक्रघट्टा गांवपालिका-4 सुंदरपुरटोल निवासी 33 वर्षीय मुकेश यादव, पांच वर्षीय सक्षम कुमार यादव और तीन वर्षीय सुदन यादव भी शामिल हैं। जानकारी के अनुसार, हेटौंडा अस्पताल में भर्ती मुकेश यादव के सिर और पीठ में चोट आई है। वहीं, सक्षम कुमार यादव को शरीर में अंदरूनी चोटें लगी हैं। दोनों की हालत सामान्य बताई गई है। जबकि तीन वर्षीय सुदन यादव के सिर और मुंह में चोट आई है। उनकी हालत मध्यम बताई जा रही है।
हादसे की जांच में जुटा प्रशासन
सशस्त्र प्रहरी बल नेपाल के सहप्रवक्ता शैलेन्द्र थापा ने हादसे में 10 लोगों की मौत और पांच लोगों के घायल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। फिलहाल स्थानीय प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियां हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही हैं। दुर्घटना आखिर किस वजह से हुई, इसकी जांच की जा रही है।