
महराजगंज। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर सिसवा नगर पालिका परिषद ने तैयारियां तेज कर दी हैं। छठ पूजा के दौरान व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए नगर पालिका प्रशासन ने घाटों की साफ-सफाई और जरूरी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने की पहल शुरू कर दी है।
इसी को लेकर नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि गिरजेश जायसवाल ने नगर क्षेत्र के अलग-अलग छठ घाटों का दौरा किया। उन्होंने पोखरा टोला (स्टेट चौराहा), श्रीराम जानकी मंदिर, सबया और कोठीभार समेत अन्य छठ घाटों पर पहुंचकर तैयारियों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान गिरजेश जायसवाल ने नगर पालिका के कर्मचारियों को निर्देश दिया कि सभी छठ घाटों पर विशेष सफाई अभियान चलाया जाए। घाटों के आसपास जमा कूड़ा-कचरा और गंदगी को पूरी तरह हटाया जाए। साथ ही पूजा स्थलों को साफ-सुथरा और व्यवस्थित बनाया जाए।
उन्होंने कहा कि छठ महापर्व आस्था और पवित्रता का प्रतीक है। इस दौरान बड़ी संख्या में महिलाएं और श्रद्धालु घाटों पर पहुंचकर भगवान सूर्य को अर्घ्य देते हैं। ऐसे में घाटों पर साफ-सफाई और बेहतर व्यवस्था होना बेहद जरूरी है।
पूजा शुरू होने से पहले पूरी होंगी तैयारियां
अध्यक्ष प्रतिनिधि ने कर्मचारियों से कहा कि छठ पूजा शुरू होने से पहले सभी घाटों पर सफाई और जरूरी व्यवस्थाओं का काम पूरा कर लिया जाए। खासकर व्रती महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को पूजा के दौरान किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी छठ घाटों को बेहतर और आकर्षक बनाने पर भी जोर दिया।
इस दौरान भगवन्त प्रसाद, सत्यनारायण चौहान, अमर जायसवाल समेत अन्य गणमान्य लोग और नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।