
महराजगंज। लक्ष्मी-गणेश प्रतिमा विसर्जन के मौके पर निकलने वाले डोल जुलूस को देखते हुए गुरुवार को सिसवा नगर की बिजली सप्लाई बंद रहेगी। बिजली विभाग ने दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक बिजली कटौती करने का फैसला लिया है। ऐसे में नगर के लोगों को करीब 10 घंटे तक बिना बिजली के रहना पड़ सकता है।
सिसवा विद्युत उपकेंद्र के उपखंड अधिकारी तुषार सिंह और अवर अभियंता सत्यम गोंड ने बताया कि डोल जुलूस के दौरान बिजली की लाइनों से किसी तरह की दुर्घटना न हो, इसके लिए यह फैसला लिया गया है। विभाग सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए एहतियातन बिजली सप्लाई बंद रखेगा।
अधिकारियों ने बताया कि अगर डोल जुलूस तय समय से पहले शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो जाता है, तो पुलिस और प्रशासन की अनुमति मिलने के बाद बिजली सप्लाई पहले भी शुरू की जा सकती है। वहीं, बिजली विभाग ने नगर के लोगों से अपील की है कि कटौती को देखते हुए पहले से ही पानी का इंतजाम कर लें। साथ ही मोबाइल, इन्वर्टर और दूसरे जरूरी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों को समय रहते चार्ज कर लें, ताकि बिजली न रहने पर किसी तरह की परेशानी न हो।