
उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। इसी बीच असदुद्दीन ओवैसी और नगीना से सांसद चंद्रशेखर आजाद ने बड़ा राजनीतिक ऐलान किया है। दोनों नेताओं ने अपनी पार्टियों के साथ मिलकर नए गठबंधन 'सामाजिक परिवर्तन मोर्चा' की घोषणा कर दी है। इस गठबंधन की ओर से चंद्रशेखर आजाद को मुख्यमंत्री पद का चेहरा बनाया गया है।
लखनऊ में हुई संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी और आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने गठबंधन का ऐलान किया। दोनों नेताओं का कहना है कि यह मोर्चा प्रदेश में सामाजिक बदलाव और वंचित समाज के मुद्दों को लेकर चुनाव मैदान में उतरेगा। गठबंधन के ऐलान के साथ ही चंद्रशेखर आजाद ने 26 नवंबर को लखनऊ के रमाबाई आंबेडकर मैदान में बड़ी जनसभा करने की बात कही है। यह मैदान बहुजन समाज पार्टी की प्रमुख मायावती की बड़ी रैलियों के लिए भी जाना जाता रहा है।
इस जनसभा को नए मोर्चे की राजनीतिक ताकत दिखाने के मौके के तौर पर देखा जा रहा है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि इस रैली में कितनी भीड़ जुटती है और गठबंधन को लोगों का कितना समर्थन मिलता है।
दलित और मुस्लिम मतदाताओं पर रहेगी नजर
उत्तर प्रदेश की राजनीति में दलित और मुस्लिम मतदाताओं की अहम भूमिका रही है। ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद का साथ आना चुनावी समीकरणों को प्रभावित कर सकता है।
चंद्रशेखर आजाद की राजनीति का प्रमुख आधार दलित समाज रहा है, वहीं ओवैसी मुस्लिम समुदाय से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाते रहे हैं। माना जा रहा है कि दोनों नेता इन वर्गों के साथ-साथ पिछड़े और वंचित समुदायों को भी अपने साथ जोड़ने की कोशिश करेंगे। हालांकि, चुनाव में इस गठबंधन को कितना समर्थन मिलता है, यह आने वाले समय में साफ होगा।
बेरोजगारी, किसान और शिक्षा के मुद्दे उठाएंगे ओवैसी
गठबंधन की घोषणा के दौरान असदुद्दीन ओवैसी ने कहा कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा भाजपा को तीसरी बार सत्ता में आने से रोकने के लिए मजबूत विकल्प बनेगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन बेरोजगार युवाओं, किसानों, शिक्षा और पिछड़े-दलित समाज से जुड़े मुद्दों को लेकर आवाज उठाएगा। ओवैसी ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधते हुए कहा कि मुस्लिम समाज ने सपा का समर्थन किया, लेकिन वह भाजपा को सत्ता से हटाने में सफल नहीं रही। अब तक उत्तर प्रदेश में भाजपा के नेतृत्व वाले एनडीए और समाजवादी पार्टी-कांग्रेस गठबंधन के बीच मुख्य मुकाबले की तस्वीर बन रही थी। वहीं, बसपा प्रमुख मायावती भी अलग चुनाव लड़ने की तैयारी में हैं।
ऐसे में ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के नए गठबंधन से प्रदेश की राजनीति में एक और विकल्प सामने आया है। राजनीतिक जानकारों की नजर इस बात पर रहेगी कि सामाजिक परिवर्तन मोर्चा किन सीटों पर चुनाव लड़ता है और उसका असर भाजपा, सपा और बसपा के चुनावी समीकरणों पर कितना पड़ता है। फिलहाल 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले इस नए गठबंधन के ऐलान ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में नई चर्चा जरूर शुरू कर दी है।