
डॉ. फरमान हसन खान काफी समय से गरीब और जरूरतमंद लोगों की मदद कर रहे हैं। उनका मुख्य उद्देश्य ऐसे लोगों तक स्वास्थ्य और शिक्षा की सुविधाएं पहुंचाना है, जो पैसों की कमी के कारण इन सुविधाओं का लाभ नहीं उठा पाते।
आला हजरत ताजुश्शरिया वेलफेयर सोसाइटी के संस्थापक और दरगाह आला हजरत के प्रमुख संगठन के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. फरमान हसन खान ने बताया कि उन्हें लंदन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स की ओर से ईमेल के जरिए इस सम्मान की जानकारी मिली। संस्था ने उनके सामाजिक और मानवीय कार्यों को देखते हुए यह प्रमाणपत्र जारी किया है।
गरीब मरीजों की सर्जरी और मुफ्त इलाज में करते हैं मदद
डॉ. फरमान खान के सामाजिक कार्यों में स्वास्थ्य सेवाओं को खास महत्व दिया जाता है। वह आर्थिक रूप से कमजोर मरीजों को गंभीर बीमारियों के इलाज में मदद दिलाने के साथ ही जरूरतमंदों की बड़ी सर्जरी मुफ्त कराने के लिए भी प्रयास करते हैं।
उनका मकसद है कि पैसों की कमी के चलते किसी गरीब मरीज का इलाज न रुके और जरूरतमंद लोगों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। शिक्षा के क्षेत्र में भी वह आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम कर रहे हैं। उनके इस सम्मान की खबर से बरेली में खुशी का माहौल है।