
महराजगंज। भारत-नेपाल सीमा के सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में जांच के दौरान एक इंडोनेशियाई महिला के पास से पांच भारतीय पहचान संबंधी दस्तावेज मिलने का मामला सामने आया है। महिला की पहचान रोहाना के रूप में हुई है।
जानकारी के मुताबिक, 10 नवंबर को सोनौली इमिग्रेशन कार्यालय में नियमित जांच के दौरान महिला के पास से अलग-अलग नाम और जन्मतिथि वाले पांच दस्तावेज बरामद किए गए। इनमें भारतीय वोटर आईडी कार्ड, आधार कार्ड और दो पैन कार्ड समेत अन्य पहचान संबंधी दस्तावेज शामिल हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए सोनौली पुलिस ने मिली शिकायत और बरामद दस्तावेजों के आधार पर महिला के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि महिला के पास ये दस्तावेज कहां से आए और इन्हें किस तरह बनवाया गया। साथ ही अलग-अलग नाम और जन्मतिथि से पहचान पत्र रखने के पीछे क्या वजह थी, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। इस मामले को लेकर अपर पुलिस अधीक्षक महराजगंज ने भी विस्तृत जानकारी दी है।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बरामद दस्तावेज फर्जी हैं या नहीं और उनका इस्तेमाल किस मकसद से किया गया, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी।