परतावल में शराब के नशे में कार सवार युवकों ने पिकअप में मारी टक्कर, पुलिस से भी की अभद्रता

    13-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत परतावल में बुधवार रात शराब के नशे में धुत कार सवार युवकों ने पिकअप में टक्कर मार दी। हादसे के बाद युवकों ने मौके पर जमकर हंगामा किया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने जब उन्हें समझाने की कोशिश की तो युवकों ने पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता शुरू कर दी। इस दौरान एक युवक खुद को सत्ता पक्ष का नेता बताकर पुलिस पर रौब झाड़ने लगा। हालांकि, पुलिस ने सभी पांच युवकों को हिरासत में ले लिया।


प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बुधवार रात करीब 11 बजे तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क पर जा रही पिकअप से टकरा गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। टक्कर के बाद कार में सवार युवकों ने अपनी गलती मानने के बजाय मौके पर हंगामा शुरू कर दिया। देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जुट गई।


हंगामे की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवकों को समझाने का प्रयास किया। आरोप है कि इस दौरान युवकों ने पुलिसकर्मियों से भी अभद्रता की। एक युवक ने खुद को सत्ता पक्ष का नेता बताते हुए पुलिस पर दबाव बनाने की कोशिश की। इसके बाद पुलिस ने पांचों युवकों को हिरासत में लेकर मेडिकल जांच कराई। पुलिस के मुताबिक, जांच रिपोर्ट में सभी के शराब के नशे में होने की पुष्टि हुई।


थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि भिटौली थाना क्षेत्र के अहिरौली गांव निवासी गौरव पटेल, शिवम पटेल, करन पटेल, सोनू उर्फ दिलशाद और आलोक पटेल के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई की गई है। मामले में अन्य जरूरी कानूनी कार्रवाई भी की जा रही है।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।