
महराजगंज। बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी स्थित खड़खड़िया पुल के पास राप्ती नदी में मूर्ति विसर्जन के दौरान डूबे युवक रमेश का शव बरामद कर लिया गया है। युवक का शव घटनास्थल से काफी दूर गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के भरगाई गांव के पास नदी में मिला। शव मिलने की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। कई घंटों से रमेश के सुरक्षित मिलने की उम्मीद लगाए बैठे परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के मुताबिक, ग्रामसभा नौसागर के सुखचैनपुर निवासी रमेश बीते दिनों धानी स्थित खड़खड़िया पुल के पास राप्ती नदी में मूर्ति विसर्जन करने गए थे। इसी दौरान वह गहरे पानी में चले गए और नदी में डूब गए। घटना के बाद से ही स्थानीय पुलिस, गोताखोर और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम उनकी तलाश में जुटी हुई थी। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा था। वहीं, परिवार के लोग और ग्रामीण भी नदी किनारे पहुंचकर रमेश के मिलने का इंतजार कर रहे थे।
कैंपियरगंज के भरगाई गांव के पास मिला शव
काफी तलाश के बाद रमेश का शव बहकर गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र के भरगाई गांव के पास पहुंच गया। स्थानीय लोगों ने नदी में शव उतराता देखा, जिसके बाद पुलिस की मदद से उसे बाहर निकाला गया। जांच के दौरान शव की पहचान लापता रमेश के रूप में हुई।
रमेश का शव मिलने की सूचना जैसे ही गांव पहुंची, परिवार में चीख-पुकार मच गई। माता-पिता और परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिस बेटे के सुरक्षित लौटने की उम्मीद में परिवार इंतजार कर रहा था, उसकी मौत की खबर ने सभी को तोड़कर रख दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जरूरी कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इस घटना के बाद सुखचैनपुर गांव सहित आसपास के इलाके में शोक का माहौल है।