बेटी की शादी के लिए जुटाए जेवर और नकदी चुरा ले गए चोर, राजगीर मिस्त्री के घर से 4 लाख का सामान गायब

    13-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव के कोईरी टोला में चोरों ने एक गरीब परिवार की खुशियों पर पानी फेर दिया। सोमवार रात चोरों ने राजगीर मिस्त्री के घर में सेंध लगाकर बेटी की शादी के लिए जुटाए गए जेवर, कपड़े और नकदी समेत करीब चार लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। चोर घर में रखे 90 हजार रुपये भी उठा ले गए। घटना के बाद से पूरा परिवार सदमे में है।


लक्ष्मीपुर एकडंगा गांव के रहने वाले रामबहादुर मौर्य राजगीर मिस्त्री का काम करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते हैं। उन्होंने बताया कि नौ नवंबर की रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद अपने-अपने कमरों में सो गए थे। इसी दौरान चोरों ने घर के पश्चिमी हिस्से की दीवार में सेंध लगाकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने आलमारी और दीवान में रखे सामान को खंगाल डाला। वहां रखे सोने-चांदी के जेवर, बेटी की शादी के लिए खरीदे गए कपड़े और 90 हजार रुपये नकद लेकर फरार हो गए। घर के कुछ बॉक्स गांव के बाहर बिखरे हुए मिले।


रामबहादुर अपनी बड़ी बेटी रागिनी की शादी के लिए काफी समय से धीरे-धीरे जेवर, कपड़े और दूसरी जरूरी चीजें खरीद रहे थे। राजगीरी का काम करके जो कमाई होती थी, उसी में से परिवार का खर्च चलाने के साथ वह बेटी की शादी के लिए भी पैसे बचा रहे थे। परिवार में बेटी की शादी को लेकर बातचीत चल रही थी, लेकिन चोरी की इस घटना ने उनकी सारी मेहनत पर पानी फेर दिया। अब बेटी को भी इस बात की चिंता सता रही है कि पिता दोबारा शादी का सामान कैसे जुटा पाएंगे।


घटना की सूचना मिलने के बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस से शिकायत की। थानाध्यक्ष अनुप तिवारी ने बताया कि रामबहादुर की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।





आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।