सिसवा नगर में धूमधाम से हुआ मां लक्ष्मी और गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन, सुरक्षा में तैनात रही 18 थानों की पुलिस

    13-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज।
दीपावली के मौके पर स्थापित मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की प्रतिमाओं का विसर्जन बृहस्पतिवार को सिसवा नगर में धूमधाम से किया गया। दोपहर 2 बजे से शुरू हुआ विसर्जन देर शाम तक चलता रहा। नगर के अलग-अलग मोहल्लों से श्रद्धालु ढोल-नगाड़ों और भक्ति गीतों के साथ प्रतिमाओं को लेकर विसर्जन के लिए निकले।


इस दौरान नगर में कई जगह आकर्षक शोभायात्राएं निकाली गईं। श्रद्धालु अपने तय रास्तों से होते हुए खेखड़ा नाला घाट पहुंचे। ढोल-नगाड़ों, डीजे और भक्ति गीतों की धुन पर युवा और श्रद्धालु नाचते-गाते मां लक्ष्मी के जयकारे लगाते रहे। पूरे नगर में भक्तिमय माहौल देखने को मिला।


इस साल सिसवा नगर के अलग-अलग मोहल्लों में मां लक्ष्मी की कई आकर्षक और अलग-अलग स्वरूपों वाली प्रतिमाएं स्थापित की गई थीं। विसर्जन के दौरान बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। देर शाम तक खेखड़ा नाला घाट पर प्रतिमाओं के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। यहां विधि-विधान के साथ सभी प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया।


सुरक्षा के लिए 18 थानों की पुलिस रही तैनात

शोभायात्रा और विसर्जन को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा के खास इंतजाम किए थे। एसडीएम निचलौल, सीओ रविंद्र सिंह, कोठीभार थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा और सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य के नेतृत्व में पुलिसकर्मी तैनात रहे।


सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिले के 18 थानों की पुलिस के अलावा साइबर थाना, एएचटी, महिला थाना, यूपी-112, पुलिस कार्यालय, अपराध शाखा, यातायात कार्यालय, पुलिस लाइन, अग्निशमन दल और पीएसी के जवानों को भी लगाया गया था। पुलिसकर्मी शोभायात्रा के रास्तों से लेकर विसर्जन स्थल तक लगातार निगरानी करते रहे। थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार को सिसवा नगर में मां लक्ष्मी और भगवान गणेश की सभी प्रतिमाओं का विसर्जन कराया गया। खेखड़ा नाला घाट पर पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था के बीच देर शाम तक विसर्जन का कार्यक्रम शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।