जिले में पराली जलाने के 78 मामले आए सामने, 26 किसानों पर लगा 1.15 लाख रुपये का जुर्माना

    13-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले में धान की कटाई तेज होने के साथ ही खेतों में पराली जलाने की घटनाएं भी बढ़ने लगी हैं। फसल अवशेषों का सही तरीके से निस्तारण करने के बजाय किसान खेतों में ही पराली जला रहे हैं। प्रशासन और कृषि विभाग की ओर से जागरूकता अभियान चलाने और निगरानी के लिए टीमें गठित करने के बावजूद घटनाओं पर पूरी तरह रोक नहीं लग पा रही है।

सैटेलाइट निगरानी में अब तक जिले में पराली जलाने की 78 घटनाएं दर्ज की गई हैं। इनमें 26 मामलों में किसानों की पहचान कर कृषि विभाग की ओर से कुल 1.15 लाख रुपये का जुर्माना लगाया गया है। आंकड़ों के मुताबिक, 10 नवंबर तक 26 घटनाएं सामने आई थीं। इसके बाद 10 नवंबर को एक ही दिन में 20 नए मामले दर्ज हुए, जिससे संख्या 46 पहुंच गई।

11 नवंबर को पराली जलाने की 18 घटनाएं सामने आईं, जबकि गुरुवार को सैटेलाइट से 14 और मामले पकड़े गए। पराली जलाने की घटनाओं पर रोक लगाने के लिए कृषि विभाग ने 4 तहसील स्तरीय और 12 ब्लॉक स्तरीय टीमें गठित की हैं। इन टीमों के माध्यम से 15 सितंबर से ही खेतों में आग लगने की घटनाओं की निगरानी की जा रही है। उप कृषि निदेशक संजीव कुमार ने बताया कि पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए निगरानी के साथ कार्रवाई भी की जा रही है।

जिन किसानों के खेतों में पराली जलाने की पुष्टि हुई है, उन्हें चिह्नित कर जुर्माना लगाया गया है। विभाग की ओर से किसानों को फसल अवशेषों का सही तरीके से प्रबंधन करने के लिए जागरूक भी किया जा रहा है।

आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।