
महराजगंज। छठ पर्व को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए महराजगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। शुक्रवार को गोरखपुर परिक्षेत्र के पुलिस उपमहानिरीक्षक (DIG) एस. चन्नप्पा और महराजगंज के पुलिस अधीक्षक (SP) शक्ति मोहन अवस्थी ने शहर में पैदल गश्त कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। दोनों अधिकारियों ने नगर तिराहा से हनुमानगढ़ी तक पैदल भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने प्रमुख सड़कों, बाजारों और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था देखी और स्थानीय लोगों से बातचीत भी की।
पैदल गश्त के बाद DIG और SP कोतवाली थाना क्षेत्र के बलिया नाला स्थित छठ घाट पहुंचे। यहां उन्होंने घाट पर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं के आने-जाने की व्यवस्था का जायजा लिया। अधिकारियों ने देखा कि छठ पूजा के दौरान श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो। इसके लिए मौके पर मौजूद अधिकारियों और कर्मचारियों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।
श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर दिए निर्देश
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने साफ कहा कि छठ पर्व के दौरान सुरक्षा और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का पूरा ध्यान रखा जाए। घाटों पर सभी जरूरी इंतजाम समय से पूरे किए जाएं, ताकि व्रतियों और श्रद्धालुओं को पूजा के दौरान किसी तरह की दिक्कत न हो। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ, क्षेत्राधिकारी सदर समेत पुलिस विभाग के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। छठ पर्व को लेकर पुलिस की इस सक्रियता से साफ है कि प्रशासन त्योहार को शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने की तैयारी में जुटा है।