
अब शिवशरणप्पा जीएन संभालेंगे महराजगंज की कमान
शासन के आदेश के बाद अब महराजगंज जिले की प्रशासनिक जिम्मेदारी शिवशरणप्पा जीएन के हाथों में होगी। वह 2015 बैच के आईएएस अधिकारी हैं और मूल रूप से कर्नाटक के रहने वाले हैं। शिवशरणप्पा जीएन इससे पहले कई अहम पदों पर काम कर चुके हैं। उन्होंने जौनपुर में प्रशिक्षण लिया था। इसके बाद गाजीपुर में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट, देवरिया में मुख्य विकास अधिकारी (CDO), कानपुर नगर में नगर आयुक्त और चित्रकूट में जिलाधिकारी की जिम्मेदारी संभाली। अब सिद्धार्थनगर से उनका तबादला महराजगंज कर दिया गया है।
गौरव सिंह सोगरवाल का सिद्धार्थनगर तबादला
महराजगंज में जिलाधिकारी के पद पर तैनात गौरव सिंह सोगरवाल को अब सिद्धार्थनगर भेजा गया है। उनके तबादले के बाद जिले में नए डीएम की तैनाती हो गई है। जिलाधिकारी का पद जिले के लिए काफी अहम होता है। आम लोगों की शिकायतों को सुनना, विकास कार्यों की निगरानी करना और सरकारी योजनाओं को सही लोगों तक पहुंचाना डीएम की बड़ी जिम्मेदारियों में शामिल है।
महराजगंज एक सीमावर्ती जिला है। ऐसे में यहां विकास कार्यों को आगे बढ़ाना और लोगों की समस्याओं का समय पर समाधान करना नए जिलाधिकारी के लिए अहम रहेगा। जिले के लोगों को उम्मीद है कि नए डीएम आम जनता की शिकायतों पर गंभीरता से ध्यान देंगे। खासकर गरीबों, किसानों और जरूरतमंद लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही सरकारी दफ्तरों में लोगों की समस्याओं का जल्द समाधान हो सकेगा।
अब सबकी नजरें शिवशरणप्पा जीएन के महराजगंज पहुंचने और उनकी पहली प्राथमिकताओं पर रहेंगी। जिले के लोगों को उम्मीद है कि नए नेतृत्व में विकास कार्यों को गति मिलेगी और आम जनता को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।