
महराजगंज। लोक आस्था का महापर्व डाला छठ सोमवार को सिसवा नगर में पूरे श्रद्धा और उत्साह के साथ संपन्न हो गया। सुबह होते ही नगर के सभी 23 छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली। घाटों पर छठी मैया के गीत, भक्ति संगीत और जयकारों से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
सुबह की पहली किरण निकलने से पहले ही व्रती महिलाएं अपने परिवार के साथ पूजा की सामग्री, फल, ठेकुआ और सजे हुए सूप-दउरा लेकर घाटों पर पहुंचने लगी थीं। व्रती महिलाएं पानी में खड़े होकर भगवान सूर्य के उदय होने का इंतजार करती रहीं। जैसे ही सूर्यदेव के दर्शन हुए, श्रद्धालुओं ने पूरे विधि-विधान से उन्हें अर्घ्य अर्पित किया।
सूर्यदेव को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि की मांगी दुआ
सूर्योदय के समय नगर के दोनों प्रमुख छठ घाटों पर भगवान सूर्य की महाआरती की गई। इस दौरान दीपों की रोशनी, शंखनाद और जयकारों से घाटों का माहौल भक्तिमय बना रहा। व्रती महिलाओं ने उगते सूर्य को अर्घ्य देकर परिवार की सुख-समृद्धि, बच्चों की लंबी उम्र और अच्छे स्वास्थ्य की कामना की।
श्रीरामजानकी मंदिर घाट, पोखरा टोला, खेखड़ा नाला सहित नगर के सभी 23 छठ घाटों पर पर्व की खास रौनक देखने को मिली। रविवार की शाम डूबते सूर्य को अर्घ्य देने के बाद व्रती महिलाओं ने पूरी रात निर्जला व्रत रखा और छठी मैया की पूजा-अर्चना की। सोमवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ ही चार दिनों तक चलने वाले इस कठिन व्रत का समापन हुआ। इसके बाद व्रती महिलाओं ने प्रसाद ग्रहण कर पारण किया और परिवार, रिश्तेदारों व परिचितों के बीच प्रसाद बांटा।
छठ पर्व को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए नगर के सभी प्रमुख घाटों पर पुलिस प्रशासन सतर्क रहा। प्रभारी निरीक्षक अखिलेश वर्मा और नगर चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य पुलिस टीम के साथ घाटों का लगातार निरीक्षण करते रहे। सुरक्षा व्यवस्था पर नजर रखते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा गया।
इस तरह भगवान सूर्य को सुबह का अर्घ्य देने के साथ ही सिसवा नगर में चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हो गया। पूरे आयोजन में आस्था, भक्ति, पारिवारिक एकता और आपसी भाईचारे की खूबसूरत झलक देखने को मिली।