
महराजगंज। कोठीभार थाना क्षेत्र के कैमा गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। घर की छत पर दीपावली की सजावटी झालर उतारते समय 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की मौत हो गई। वहीं, उनकी 18 साल की बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका इलाज जिला अस्पताल महराजगंज में चल रहा है।
मिली जानकारी के अनुसार, गांव के रहने वाले राधेश्याम (40) पुत्र केदारे मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर की छत पर लगी दीपावली की झालर उतार रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहे हाईटेंशन बिजली तार की चपेट में आ गए। पिता को करंट लगता देख उनकी पत्नी पुष्पा देवी (35) और बेटी गोल्डी (18) उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं। इस दौरान दोनों भी करंट की चपेट में आ गईं। हादसे में राधेश्याम और उनकी पत्नी पुष्पा देवी की मौत हो गई, जबकि बेटी गोल्डी गंभीर रूप से घायल हो गई।
घटना की जानकारी सुबह करीब 8:45 बजे ग्रामीणों ने पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कोठीभार थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष अखिलेश वर्मा ने बताया कि दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने बताया कि गांव में शांति व्यवस्था बनी हुई है और फिलहाल किसी तरह की कोई समस्या नहीं है। इस हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। एक ही परिवार के दो लोगों की मौत से गांव के लोग गमगीन हैं।