भटिंडा में सड़क हादसे में महराजगंज के सेना के जवान की मौत, गांव पहुंचा पार्थिव शरीर तो उमड़ा जनसैलाब

    18-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। पंजाब के भटिंडा में सड़क हादसे में महराजगंज के रहने वाले सेना के हवलदार दीपक निषाद (36) की मौत हो गई। वह ड्यूटी खत्म करके अपने कमरे पर लौट रहे थे, तभी रास्ते में एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें टक्कर मार दी। गंभीर हालत में उन्हें आर्मी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


जवान की मौत की खबर मिलते ही महराजगंज जिले के भिटौली थाना क्षेत्र के पिपरा खादर गांव में मातम छा गया। मंगलवार को जब उनका पार्थिव शरीर गांव पहुंचा तो अंतिम दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए। हर किसी की आंखें नम थीं और पूरे गांव का माहौल गमगीन हो गया। मिली जानकारी के अनुसार, पिपरा खादर गांव निवासी बसंत निषाद के बेटे दीपक निषाद भारतीय सेना की इंजीनियरिंग रेजीमेंट में हवलदार के पद पर तैनात थे। इन दिनों उनकी पोस्टिंग पंजाब के भटिंडा में थी। वह अपनी पत्नी और बच्चों के साथ आर्मी कैंप में रहते थे।


बताया जा रहा है कि रविवार रात करीब 8 बजे दीपक ड्यूटी पर गए थे। रात करीब 10 बजे ड्यूटी खत्म होने के बाद वह अपने कमरे पर लौट रहे थे। इसी दौरान डायवर्जन के पास एक तेज रफ्तार कार ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दीपक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंचे सेना के जवानों ने उन्हें तुरंत आर्मी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।


पत्नी और तीन बच्चों को छोड़ गए पीछे

दीपक निषाद अपने पीछे पत्नी रेणु, दो बेटे आशीष (11 वर्ष), वैभव (10 वर्ष) और दो साल की बेटी दीपा को छोड़ गए हैं। जवान की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। पार्थिव शरीर को गांव लाने के लिए उनके भाई जगन्नाथ और राकेश के साथ रिश्तेदार सुनील भटिंडा पहुंचे थे।


मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे जैसे ही दीपक निषाद का पार्थिव शरीर उनके पैतृक गांव पिपरा खादर पहुंचा, गांव समेत आसपास के इलाकों से बड़ी संख्या में लोग अंतिम दर्शन के लिए पहुंच गए। इस दौरान भारत माता की जय और वीर जवान अमर रहें के नारों से पूरा इलाका गूंज उठा। लोगों ने नम आंखों से अपने गांव के वीर सपूत को श्रद्धांजलि दी और परिवार को इस दुख की घड़ी में हिम्मत बंधाई।


इस मौके पर सदर विधायक जयमंगल कन्नौजिया, पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह, ब्लॉक प्रमुख आनंद शंकर वर्मा, सुमन ओझा, राजेश निषाद, अजय कुमार गुप्ता उर्फ लल्ला भैया, आनंद निषाद, विशाल ओझा और जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शमशाद आलम समेत कई जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता और ग्रामीण मौजूद रहे। देश की सेवा में लगे दीपक निषाद की अचानक मौत से पूरे क्षेत्र में शोक है। परिवार के लिए यह दुख सहना बेहद मुश्किल है। तीन छोटे बच्चों ने अपने पिता को खो दिया है, वहीं पत्नी रेणु के सामने अब परिवार की जिम्मेदारी आ गई है।


जिस पिता के सहारे बच्चों का भविष्य संवरना था, आज वही पिता हमेशा के लिए उनसे दूर हो गए। गांव में हर तरफ मातम पसरा हुआ है। महराजगंज के इस वीर जवान को खोने से पूरे क्षेत्र में दुख का माहौल है।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।