
महराजगंज। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र में माइक्रोफाइनेंस कंपनी के साथ करीब 10.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि कंपनी के पूर्व मैनेजर ने एक महिला के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों के जरिए कई बार लोन लिया। मामले में कंपनी के ब्रांच हेड की शिकायत पर पुलिस ने पूर्व मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ FIR दर्ज कर ली है।
मिली जानकारी के मुताबिक, नाबफिंस लिमिटेड की परतावल शाखा के ब्रांच हेड ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि कंपनी के पूर्व मैनेजर, जो बिहार के पश्चिम चंपारण जिले के अहिरवलिया के रहने वाले हैं, ने कुशीनगर जिले के रामपुर चौबे, बरवा कला निवासी महिला के साथ मिलकर कथित तौर पर धोखाधड़ी की। शिकायत के अनुसार, आरोपियों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए फर्जी आधार कार्ड, वोटर आईडी और दूसरे लोगों की फोटो का इस्तेमाल किया। इन दस्तावेजों के सहारे कई बार लोन लिया गया। इस तरह कंपनी को करीब 10.50 लाख रुपये का नुकसान होने का आरोप है।
बताया जा रहा है कि कंपनी के आंतरिक ऑडिट के दौरान इस पूरे मामले का खुलासा हुआ। जांच में फर्जी दस्तावेजों के इस्तेमाल और लोन से जुड़ी गड़बड़ियां सामने आईं। इसके बाद कंपनी की ओर से पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई। इस मामले में श्यामदेउरवा थानाध्यक्ष महेंद्र कुमार मिश्रा ने बताया कि शिकायत के आधार पर पूर्व मैनेजर समेत दो लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई की जाएगी।