
महराजगंज। नगर पंचायत परतावल के वार्ड नंबर दो बल्लभ नगर स्थित तिवारी टोला में बुधवार को बल्लभ नगर प्रीमियर सर्किल लीग (SNT कप 2026) की शुरुआत हुई। दुर्गा मंदिर परिसर के सामने आयोजित इस क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन भाजपा युवा नेता प्रेमशंकर उर्फ निर्भय सिंह ने किया। टूर्नामेंट शुरू होते ही क्रिकेट प्रेमियों में काफी उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मुख्य संयोजक सतीश मिश्रा ने माला पहनाकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। वहीं, अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा ने बैज लगाकर उनका अभिनंदन किया। आयोजन समिति की ओर से अतिथि को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित भी किया गया।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला किशन इलेवन और कप्तानगंज की टीम के बीच खेला गया। किशन इलेवन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। इसके बाद कप्तानगंज की टीम बल्लेबाजी करने उतरी। छह ओवर के इस मुकाबले में कप्तानगंज के बल्लेबाजों ने शानदार खेल दिखाते हुए 53 रन बनाए। टीम की ओर से ओपनर कैफ ने 21 रन और बीरू ने 10 रन बनाए। वहीं किशन इलेवन की ओर से सूरज ने शानदार गेंदबाजी करते हुए चार विकेट लिए। बेहतरीन बल्लेबाजी के लिए कैफ को मैन ऑफ द मैच चुना गया। वहीं किशन इलेवन के धीरज ने भी अपने प्रदर्शन से दर्शकों का खूब मनोरंजन किया।
विजेता टीम को मिलेंगे 15 हजार रुपये और गोल्डन ट्रॉफी
मुख्य संयोजक सतीश मिश्रा ने बताया कि खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाने के लिए टूर्नामेंट में मैन ऑफ द मैच और मैन ऑफ द सीरीज के आकर्षक पुरस्कार रखे गए हैं।
प्रतियोगिता में विजेता टीम को 15 हजार रुपये नकद, गोल्डन ट्रॉफी और क्रिकेट किट दी जाएगी। वहीं उपविजेता टीम को 10 हजार रुपये नकद, ट्रॉफी और किट देकर सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा सेमीफाइनल में हारने वाली दोनों टीमों को भी ट्रॉफी दी जाएगी।
कार्यक्रम में मनोनीत सभासद तेज प्रताप मोदनवाल, डॉ. शुभम मिश्रा, अजय कुमार सैनी, जगन्नाथ यादव समेत क्षेत्र के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य संयोजक सतीश मिश्रा, अध्यक्ष सुधांशु मिश्रा, उपाध्यक्ष मोनू खान, महामंत्री निजामुद्दीन, कोषाध्यक्ष अजीत रावत, व्यवस्थापक अशोक रावत, दुष्यन्त पाण्डेय, महेन्द्र सैनी, शाहरुख खान और विजय यादव सहित आयोजन समिति के अन्य सदस्य जुटे रहे।