
महराजगंज। यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 को लेकर जिले में परीक्षा केंद्रों की दूसरी प्रस्तावित सूची जारी कर दी गई है। नई सूची में कुल 106 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। इससे पहले जारी पहली सूची में 99 केंद्र प्रस्तावित थे। जिला स्तरीय समिति की जांच के बाद तीन केंद्रों को सूची से हटा दिया गया है, जबकि छात्रों की संख्या और परीक्षा केंद्रों की दूरी को देखते हुए 10 नए केंद्र शामिल किए गए हैं।
जिला विद्यालय निरीक्षक (DIOS) कार्यालय के अनुसार, दूसरी प्रस्तावित सूची पर 21 नवंबर तक ऑनलाइन आपत्तियां दर्ज कराई जा सकती हैं। जिन लोगों को परीक्षा केंद्रों को लेकर कोई शिकायत या आपत्ति है, वे तय प्रारूप में ऑनलाइन अपनी बात रख सकते हैं। ऑनलाइन मिली आपत्तियों की जांच जिला स्तरीय समिति करेगी। समिति सभी शिकायतों का निस्तारण करने के बाद अनंतिम सूची जारी करेगी। इसी सूची को अंतिम परीक्षा केंद्रों की सूची माना जाएगा।
यूपी बोर्ड परीक्षा 2027 की शुरुआत चार फरवरी से होनी है। परीक्षा अंतिम रूप से तय किए गए केंद्रों पर कराई जाएगी। ऐसे में अब स्कूलों और विद्यार्थियों की नजरें परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची पर टिकी हैं। नई सूची जारी होने के बाद परीक्षा केंद्रों की संख्या में सात की बढ़ोतरी हुई है। अब आपत्तियों के निस्तारण के बाद ही यह साफ होगा कि जिले में किन स्कूलों को अंतिम रूप से परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा।