
महराजगंज। नौतनवा थाना क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवती प्रेमी से शादी करने की जिद में मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती को टावर पर चढ़ा देख मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही नौतनवा पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को सुरक्षित नीचे उतारने के लिए समझाने-बुझाने में जुट गई।
जानकारी के मुताबिक, नौतनवा थाना क्षेत्र के एक युवक से युवती का प्रेम प्रसंग चल रहा था। बताया जा रहा है कि युवती के परिजनों की शिकायत पर युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था, जिसके बाद उसे जेल भेज दिया गया था। जेल से छूटने के बाद युवती उसी युवक से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी, जबकि उसके परिजन उसकी शादी कहीं दूसरी जगह करना चाहते थे।
बताया जा रहा है कि इसी बात से नाराज होकर युवती रविवार तड़के करीब चार बजे घर से निकल गई और बरवाभोज गांव पहुंचकर वहां स्थित एक मोबाइल टावर पर चढ़ गई। युवती के टावर पर चढ़ने की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस युवती को लगातार समझाने का प्रयास कर रही है। हालांकि, युवती अपनी जिद पर अड़ी हुई बताई जा रही है। पुलिसकर्मी उसे सुरक्षित नीचे उतारने के लिए प्रयासरत हैं।
फिलहाल मौके पर पुलिस बल मौजूद है। युवती की सुरक्षा को देखते हुए पुलिस पूरे मामले को गंभीरता से संभाल रही है। घटना के बाद से गांव में लोगों की भीड़ जुटी हुई है और सभी की निगाहें पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।