सिसवा के नौका टोला में लगा नियमित टीकाकरण शिविर, बच्चों और गर्भवती महिलाओं को मिली स्वास्थ्य सुविधाएं

    02-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा बाजार के वार्ड संख्या-04 शाहूजी नगर स्थित नौका टोला में सोमवार, 2 नवंबर 2026 को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सिसवा के तत्वावधान में माह के प्रथम नियमित टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक चले इस शिविर में छोटे बच्चों, किशोर-किशोरियों और गर्भवती महिलाओं का टीकाकरण किया गया। साथ ही जरूरतमंदों को आवश्यक दवाएं और विटामिन की गोलियां भी वितरित की गईं।


शिविर में स्वास्थ्य विभाग की एएनएम सुचिता पाल ने लोगों को नियमित टीकाकरण के महत्व की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य बच्चों और गर्भवती महिलाओं को समय पर आवश्यक टीके उपलब्ध कराकर उन्हें विभिन्न बीमारियों से सुरक्षित रखना है। उन्होंने अभिभावकों से बच्चों का टीकाकरण निर्धारित समय पर कराने की अपील भी की।


शिविर के दौरान 15 किशोर-किशोरियों को टीके लगाए गए और उन्हें विटामिन-ए की गोलियां दी गईं। वहीं, पांच गर्भवती महिलाओं को आवश्यक दवाओं के साथ आयरन और कैल्शियम की गोलियां वितरित की गईं। उनका आवश्यक टीकाकरण भी किया गया। इसके अलावा 20 से अधिक बच्चों एवं किशोर-किशोरियों को टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं का लाभ मिला। इस अवसर पर सहायिका मालती देवी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री संतोषी देवी, सावित्री देवी सहित स्वास्थ्य विभाग की टीम और वार्ड के अनेक नागरिक मौजूद रहे।



रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।