
महराजगंज। केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सोमवार को एक दिवसीय दौरे पर महराजगंज पहुंचे। इस दौरान जिला मुख्यालय स्थित अपने आवास पर उन्होंने जनता दरबार लगाकर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों की समस्याएं सुनीं। जनता दरबार में बड़ी संख्या में फरियादी पहुंचे और सड़क, बिजली, राजस्व, पुलिस, विकास कार्य, रोजगार तथा पेंशन सहित विभिन्न मामलों से जुड़ी शिकायतें रखीं।
जनसुनवाई के दौरान लोगों ने अपनी समस्याओं से संबंधित प्रार्थना पत्र भी सौंपे। पंकज चौधरी ने एक-एक कर फरियादियों की बात सुनी और संबंधित अधिकारियों से फोन पर बातचीत कर समस्याओं के शीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जनसमस्याओं के समाधान में किसी भी तरह की अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। पात्र लोगों को सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ही सभी शिकायतों का नियमानुसार और समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान पंकज चौधरी ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव के समय जनता के बीच जाना नहीं है, बल्कि लगातार लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनना भी है। जनसुनवाई जनता और सरकार के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। उनका प्रयास है कि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए इधर-उधर भटकना न पड़े।
उन्होंने कहा कि केंद्र और प्रदेश सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इसके लिए अधिकारियों को आम जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील रहकर समयबद्ध कार्रवाई करनी चाहिए। पंकज चौधरी ने कहा कि जनता की समस्याएं सुनना केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जनप्रतिनिधि की जिम्मेदारी है। इस दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।