महराजगंज: अनियंत्रित कार मकान में घुसी, भरभराकर गिरा घर का हिस्सा

    20-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले के निचलौल थाना क्षेत्र के छितौना गांव में बुधवार की रात एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। मुंडन संस्कार से लौट रही एक अनियंत्रित कार अचानक सड़क किनारे स्थित एक मकान में जा घुसी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मकान का एक हिस्सा भरभराकर गिर पड़ा। गनीमत रही कि कार में सवार पांचों लोग सुरक्षित बच गए। वहीं, हादसे के समय घर में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था।


मिली जानकारी के अनुसार, सिद्धार्थनगर जिले के रहने वाले कुछ लोग महराजगंज के मेघौली गांव में अपने रिश्तेदार के यहां आयोजित मुंडन संस्कार में शामिल होने आए थे। कार्यक्रम समाप्त होने के बाद सभी कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे छितौना गांव में मस्जिद के पास पहुंचते ही कार अचानक अनियंत्रित हो गई और सीधे अदालत यादव पुत्र बल्ली यादव के मकान में जा घुसी।


कार की टक्कर इतनी तेज थी कि मकान का हिस्सा क्षतिग्रस्त होकर गिर गया। हादसे के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। बताया जा रहा है कि कार में कुल पांच लोग सवार थे। सभी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। राहत की सबसे बड़ी बात यह रही कि हादसे के समय मकान में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। अगर घर के अंदर लोग होते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था।


घटना की सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके बाद शीतलापुर-रेंगहिया चौकी से भी दो पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। मकान में फंसी कार को ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकलवाया गया और पुलिस उसे चौकी ले गई। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों को चौकी पर बुलाया है। कार किन परिस्थितियों में अनियंत्रित हुई और चालक का वाहन से नियंत्रण कैसे बिगड़ा, इसकी जांच की जा रही है।


अमर उजाला में प्रकाशित खबर के अनुसार, थाना प्रभारी निरीक्षक योगेंद्र राय ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है। वाहन को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। दोनों पक्षों के बीच आपसी सुलह-समझौते की बात भी सामने आई है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। हादसे में पांचों कार सवारों के सुरक्षित बचने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि, इस घटना ने एक बार फिर दिखा दिया कि सड़क पर वाहन चलाते समय थोड़ी सी लापरवाही भी किसी के लिए बड़ी मुसीबत बन सकती है।



फैज़ अहमद खान

फैज़ अहमद खान (Faiz Ahmad Khan) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रमुख (District Head) के पद पर कार्यरत हैं। यह जिले की संपूर्ण रिपोर्टिंग टीम का नेतृत्व करते हैं और प्रमुख प्रशासनिक, सामाजिक व प्रादेशिक समाचारों का प्रबंधन करते हैं।