महराजगंज पुलिस ने बरामद किए 101 गुमशुदा मोबाइल, आठ महीने में 844 फोन मिले

    20-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। महराजगंज में 101 गुमशुदा मोबाइल बरामद, 25 लाख रुपये आंकी गई कीमत आठ महीने में पुलिस ने 844 मोबाइल फोन खोजकर लौटाए। जिले में गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए चलाए जा रहे अभियान में महराजगंज पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और विभिन्न थानों की संयुक्त टीम ने तकनीकी संसाधनों की मदद से 101 मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने सभी मोबाइल फोन आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके वास्तविक मालिकों को सौंप दिए। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में यह कार्रवाई CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल और आधुनिक तकनीकी संसाधनों की मदद से की गई। लंबे समय से गुम मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों ने खुशी जताई और पुलिस का आभार व्यक्त किया।

पुलिस के मुताबिक, पिछले आठ महीनों में जिले में कुल 844 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इनकी अनुमानित बाजार कीमत करीब 2 करोड़ 31 लाख रुपये है। मोबाइल फोन की तलाश में सर्विलांस सेल के साथ विभिन्न थानों में तैनात पुलिसकर्मियों की भी अहम भूमिका रही। पलिस का कहना है कि तकनीक के इस्तेमाल से गुमशुदा मोबाइल फोन की बरामदगी और लोगों की संपत्ति वापस दिलाने की कार्रवाई लगातार जारी है।

CEIR पोर्टल पर ऑनलाइन दर्ज करें शिकायत, ऐसे करें फोन ब्लॉक
मोबाइल गुम होने पर यहां करें शिकायत पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन गुम या चोरी होने पर तत्काल CEIR पोर्टल (www\.ceir.gov.in) पर शिकायत दर्ज कराएं और फोन ब्लॉक कराने की प्रक्रिया पूरी करें। इसके साथ ही नजदीकी थाने में भी सूचना दें। पुलिस ने लोगों को मोबाइल का IMEI नंबर, खरीद का बिल और अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित रखने की सलाह दी है, ताकि मोबाइल की तलाश में आसानी हो सके।

बरामदगी अभियान में सर्विलांस टीम के कंप्यूटर ऑपरेटर ग्रेड-बी शिवानन्द पासवान, मुख्य आरक्षी मोहम्मद कुतुबुद्दीन, राजकुमार राजभर, आलोक पाण्डेय, आरक्षी सुधीर कुमार यादव, सूरज गुप्ता और नीरज कुमार शामिल रहे। इसके अलावा जिले के विभिन्न थानों में CEIR पोर्टल का काम देख रहे पुलिसकर्मियों का भी योगदान रहा इन जगहों पर ज्यादा गुम होते हैं मोबाइल पुलिस के अनुसार, भीड़भाड़ वाले बाजारों, सब्जी मंडियों, बसों, ऑटो और टैक्सी में सफर के दौरान मोबाइल छूटने या गिरने की घटनाएं अधिक होती हैं।

इसके अलावा बाइक चलाते समय जेब से फोन गिरना, शादी-विवाह और सार्वजनिक कार्यक्रमों में भीड़ के बीच मोबाइल छूट जाना भी इसकी प्रमुख वजहें हैं। पार्क, धार्मिक स्थल और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर भी लोग अक्सर अपना मोबाइल भूल जाते हैं। बच्चों के गेम खेलने के दौरान फोन इधर-उधर रख देने और नशे की स्थिति में मोबाइल गुम होने की घटनाएं भी सामने आती हैं।

फैज़ अहमद खान

फैज़ अहमद खान (Faiz Ahmad Khan) 'आपन महराजगंज' में जिला प्रमुख (District Head) के पद पर कार्यरत हैं। यह जिले की संपूर्ण रिपोर्टिंग टीम का नेतृत्व करते हैं और प्रमुख प्रशासनिक, सामाजिक व प्रादेशिक समाचारों का प्रबंधन करते हैं।