
महराजगंज। सिंदुरिया थाना क्षेत्र के पकड़िया और पिपरा नारायण गांव के बीच बुधवार को धान की कटाई के दौरान एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। सिंदुरिया-सिसवा मार्ग के किनारे खेत में धान काट रही चेन वाली कंबाइन मशीन अचानक पलट गई। गनीमत रही कि इस हादसे में किसी को चोट नहीं आई। मिली जानकारी के मुताबिक, पकड़िया बुजुर्ग निवासी शंभू पटेल अपने खेत में राजस्थान से आई कंबाइन मशीन से धान की कटाई करवा रहे थे। इसी दौरान चालक मशीन को पीछे कर रहा था। खेत में नमी और मिट्टी गीली होने के कारण मशीन का संतुलन बिगड़ गया।
देखते ही देखते कंबाइन सड़क किनारे बने गड्ढे में फिसलकर पलट गई। मशीन पलटते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद ग्रामीण तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हालांकि, जब लोगों ने देखा कि किसी को चोट नहीं आई है तो सभी ने राहत की सांस ली। बताया जा रहा है कि कंबाइन मशीन को दोबारा सीधा करने के लिए मालिक की ओर से जेसीबी बुलाने की तैयारी की जा रही है। हादसे में किसी के हताहत न होने से ग्रामीणों ने राहत जताई।