CM योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का निधन, 91 वर्ष की उम्र में पंचूर गांव में ली अंतिम सांस

    20-Nov-2026   
Total Views |

उत्तर प्रदेश। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के परिवार से बेहद दुखद खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की माता सावित्री देवी का शुक्रवार, 20 नवंबर 2026 को 91 वर्ष की आयु में निधन हो गया। उन्होंने उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के यमकेश्वर ब्लॉक स्थित अपने पैतृक गांव पंचूर में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और शुभचिंतकों में शोक की लहर दौड़ गई है।


पौड़ी गढ़वाल के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सर्वेश कुमार ने सावित्री देवी के निधन की पुष्टि की है। उनके मुताबिक, उनका निधन पंचूर गांव स्थित पैतृक आवास पर हुआ। बताया जा रहा है कि वह लंबे समय से उम्र संबंधी स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रही थीं। मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, सावित्री देवी का अंतिम संस्कार शनिवार को हरिद्वार में किए जाने की संभावना है। हालांकि, अंतिम संस्कार के समय और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है। पुलिस और जिला प्रशासन परिवार के संपर्क में हैं।


उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से सावित्री देवी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया। उन्होंने अपने संदेश में इसे अत्यंत दुखद और हृदयविदारक बताते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट कीं। सीएम धामी ने लिखा, "उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पूज्य माताजी सावित्री देवी के निधन का समाचार अत्यंत दुःखद एवं हृदयविदारक है। मां का स्नेह, आशीर्वाद और ममता जीवन की सबसे अनमोल पूंजी होती है। उनका जाना परिवार के लिए एक अपूरणीय क्षति है।"


उन्होंने बाबा केदार से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सहित समस्त शोकाकुल परिजनों को इस कठिन समय में दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पैतृक गांव पंचूर उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले में स्थित है। सावित्री देवी लंबे समय से यहीं रह रही थीं। उनके निधन की खबर सामने आने के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में शोक का माहौल है।


एक मां का साया उठ जाना जीवन की सबसे बड़ी व्यक्तिगत क्षति होती है। इस दुखद घड़ी में विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्रों से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति संवेदनाएं व्यक्त की जा रही हैं।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।