फरेंदा में महिला और पुरुष गिरफ्तार, आठ पैकेटों में मिले चोरी के 40 मोबाइल

    23-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। जिले की फरेंदा पुलिस ने चोरी के मोबाइल फोन की बरामदगी के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला और एक पुरुष समेत दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से विभिन्न कंपनियों के कुल 40 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइलों में 14 वनप्लस और आठ एप्पल आईफोन शामिल हैं। सभी मोबाइल आठ अलग-अलग पैकेटों में रखे गए थे।


पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस के मुताबिक, थाना फरेंदा में दर्ज मुकदमा संख्या 326/2026, धारा 317(2) बीएनएस से संबंधित मामले में वांछित अभियुक्तों की तलाश की जा रही थी। इसी क्रम में 21 नवंबर 2026 को फरेंदा पुलिस टीम ने नेशनल हाईवे की सर्विस लेन पर बस स्टॉप बोर्ड के पास से दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान दिल्ली निवासी मनमोहन सिंह राणा (41) और उत्तराखंड के देहरादून निवासी संगीता सिंह (42) के रूप में हुई है।


तलाशी के दौरान पुलिस ने दोनों के कब्जे से आठ अलग-अलग पैकेटों में रखे कुल 40 मोबाइल फोन बरामद किए। इनमें वनप्लस के 14, एप्पल आईफोन के आठ, रेडमी के छह, वीवो के चार, सैमसंग के दो, नथिंग के दो, ओप्पो के दो, पोको का एक और रियलमी का एक मोबाइल शामिल है। इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष राघवेंद्र सिंह ने किया। पुलिस टीम में उपनिरीक्षक अवधेश कुमार सिंह और अमित कुमार मौर्य समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।