
परतावल। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल एवं उत्तर प्रदेश युवा उद्योग व्यापार मंडल के राष्ट्रीय अध्यक्ष के आह्वान पर रविवार, 22 नवंबर को प्रदेशभर में विधानसभा स्तर पर व्यापारियों की समस्याओं एवं हितों को लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मांग पत्र भेजा गया। इसी क्रम में जनपद महराजगंज की पनियरा विधानसभा का ज्ञापन पनियरा विधायक ज्ञानेंद्र सिंह के माध्यम से मुख्यमंत्री को प्रेषित किया गया।
जनपद महराजगंज के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पनियरा विधानसभा अध्यक्ष इंजीनियर आकाश जायसवाल के नेतृत्व में व्यापारियों के प्रतिनिधिमंडल ने विधायक के माध्यम से पांच सूत्रीय मांग पत्र सौंपा। इस दौरान जिला महामंत्री रघुनाथ गुप्त सहित विभिन्न नगरों एवं बाजारों के व्यापार मंडल के पदाधिकारी और प्रतिनिधि मौजूद रहे।
व्यापारियों ने उठाईं पांच प्रमुख मांगेंज्ञापन के माध्यम से व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से उनके सामाजिक एवं आर्थिक हितों को ध्यान में रखते हुए निम्नलिखित मांगों को पूरा करने की अपील की—
1. देश के व्यापारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
2. मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना के अंतर्गत मिलने वाली सहायता राशि को 10 लाख रुपये से बढ़ाकर 20 लाख रुपये किया जाए।
3. किसी व्यापारी की दुकान में आग लगने, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से दुकान एवं सामान के जलने, नष्ट होने या क्षतिग्रस्त होने की स्थिति में मुआवजा प्राप्त करने के लिए पंजीकरण की अनिवार्यता समाप्त की जाए।
4. विधान परिषद में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की तर्ज पर व्यापारियों के प्रतिनिधियों को भी प्रतिनिधित्व देने का अवसर प्रदान किया जाए।
5. व्यापारियों की सुरक्षा एवं व्यापारिक प्रतिष्ठानों की संवेदनशीलता को देखते हुए पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी किए जाएं।
व्यापारी एकजुटता के साथ उठाई गई आवाज
कार्यक्रम में परतावल नगर अध्यक्ष राजकुमार शर्मा, नगर महामंत्री नागेश कसौधन, युवा नगर अध्यक्ष बलराम गुप्ता, युवा महामंत्री महाजन कश्यप, नगर संरक्षक भीम मद्धेशिया, उपाध्यक्ष सोनू कसौधन, संगम श्रीवास्तव, विजय जायसवाल, राजेश सिंह, अजय पटेल, आकाश निगम, निजामुद्दीन, मुजुरी नगर प्रभारी सजन जायसवाल सहित युवा प्रकोष्ठ के विनय मद्धेशिया, देवराज, शाह आलम एवं कन्हैया साहनी उपस्थित रहे।
इसके अतिरिक्त पनियरा कमेटी, श्यामदेउरवा, गांगी बाजार एवं हरपुर क्षेत्र के व्यापारी प्रतिनिधियों ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।
व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने उम्मीद जताई कि मुख्यमंत्री व्यापारियों की इन मांगों पर सकारात्मक विचार करते हुए आवश्यक कदम उठाएंगे, जिससे प्रदेश के व्यापारियों को सामाजिक सुरक्षा, आर्थिक संरक्षण एवं बेहतर व्यापारिक वातावरण मिल सके।