
महराजगंज। जिला अस्पताल के पास उस समय हड़कंप मच गया, जब एक युवती ने कथित तौर पर अपने ऊपर पेट्रोल डालकर आग लगा ली। आग की लपटों में घिरी युवती की चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कड़ी मशक्कत के बाद आग बुझाई। इसके बाद गंभीर रूप से झुलसी युवती को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
युवती की पहचान ठूठीबारी क्षेत्र निवासी सुनीता के रूप में हुई है। चिकित्सकों के अनुसार, युवती करीब 55 प्रतिशत तक झुलस चुकी है। उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल में डॉक्टरों की टीम लगातार उसकी निगरानी कर उपचार कर रही है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, सुनीता पिछले करीब छह महीने से जिला अस्पताल के आसपास रह रही थी और लोगों से मांगकर अपना गुजारा करती थी। कुछ स्थानीय लोगों ने उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं होने की बात कही है। हालांकि, इस संबंध में अभी तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
इस मामले में जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. एके द्विवेदी ने बताया कि युवती का उपचार अस्पताल के प्राइवेट वार्ड में चल रहा है। चिकित्सकों की टीम उसकी सेहत पर लगातार नजर बनाए हुए है और बेहतर उपचार देने का प्रयास किया जा रहा है। फिलहाल युवती की हालत नाजुक बनी हुई है। घटना के कारणों का आधिकारिक रूप से पता नहीं चल सका है।