
महराजगंज। मिठौरा क्षेत्र के एक गांव में तेंदुए की लगातार बढ़ती गतिविधियों से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। बुधवार को तेंदुए ने एक बकरी पर हमला कर उसे मार डाला। लगातार चौथे दिन तेंदुए की मौजूदगी सामने आने से ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोगों को अब बच्चों और परिवार की सुरक्षा की चिंता सताने लगी है।
जानकारी के अनुसार, घटना मुस्लिम बस्ती के पास सुरेश वर्मा और रऊफ के घरों के पश्चिम दिशा में स्थित एक बगीचे की है। मिठौरा निवासी जलालुद्दीन ने बताया कि उनके छोटे भाई इमामुद्दीन के परिवार की महिलाएं बकरियां चराकर उसी रास्ते से घर लौट रही थीं। इसी दौरान बगीचे के पास छिपे तेंदुए ने अचानक एक बकरी पर हमला कर दिया और उसे दबोचकर बगीचे की ओर खींच ले गया।
तेंदुए के हमले से घबराई महिलाओं ने शोर मचाया तो आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। हालांकि, तब तक तेंदुआ बकरी को लेकर बगीचे की ओर जा चुका था। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार तेंदुए की गतिविधियां देखे जाने से लोग भयभीत हैं। स्थिति यह है कि लोग घरों से बाहर निकलने और बच्चों को अकेले कहीं भेजने से भी डर रहे हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि वन विभाग को सूचना देने के बावजूद मौके पर पहुंची टीम की ओर से कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई।
ग्रामीणों ने वन विभाग से तेंदुए को जल्द पकड़कर आबादी से दूर किसी सुरक्षित स्थान पर छोड़ने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि तेंदुए की गतिविधियों पर समय रहते रोक नहीं लगी तो किसी इंसान पर भी हमला हो सकता है। इस संबंध में चौक रेंजर ऋषभ नायक ने बताया कि बृहस्पतिवार को तेंदुए को पकड़कर सुरक्षित स्थान पर छोड़ने का प्रयास किया जाएगा।