अयोध्या से गोरखपुर होते हुए जनकपुर धाम तक दौड़ेगी नई ट्रेन, 28 नवंबर से शुरू होगा नियमित संचालन

    27-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। अयोध्या कैंट और नेपाल के जनकपुर धाम के बीच चलने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस में गुरुवार से टिकटों की बुकिंग शुरू हो गई है। बुकिंग शुरू होते ही यात्रियों ने ट्रेन में सीटें आरक्षित करानी शुरू कर दी हैं। समाचार लिखे जाने तक अयोध्या से जनकपुर जाने वाली ट्रेन में 60 और जनकपुर से अयोध्या आने वाली ट्रेन में 43 टिकट बुक हो चुके थे। यह साप्ताहिक ट्रेन 28 नवंबर 2026 से नियमित रूप से संचालित होगी। ट्रेन के शुरू होने से गोरखपुर समेत पूर्वांचल के यात्रियों को नेपाल के जनकपुर धाम तक सीधी रेल यात्रा की सुविधा मिलेगी।


15595/15596 नंबर की जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट-जनकपुर धाम सरयू-कमला एक्सप्रेस सप्ताह में एक दिन दोनों दिशाओं में चलेगी। ट्रेन संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार को जनकपुर धाम से अयोध्या कैंट के लिए रवाना होगी, जबकि ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम जाएगी। इस ट्रेन में केवल कन्फर्म टिकट पर ही यात्रा की अनुमति होगी। आरएसी और वेटिंग टिकट जारी नहीं किए जाएंगे।


गोरखपुर से नेपाल जाने वाले यात्रियों के लिए इस ट्रेन का किराया भी सुविधाजनक रखा गया है। आईआरसीटीसी की वेबसाइट पर उपलब्ध किराये के अनुसार गोरखपुर से जनकपुर धाम तक स्लीपर श्रेणी का टिकट 280 रुपये में उपलब्ध है। वहीं, एसी द्वितीय श्रेणी का किराया 1040 रुपये, एसी तृतीय श्रेणी का 735 रुपये और एसी तृतीय इकोनॉमी श्रेणी का 680 रुपये प्रदर्शित हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह ने 23 नवंबर को नई दिल्ली से इस ट्रेन का वर्चुअल उद्घाटन किया था। ट्रेन में कुल 17 कोच लगाए जाएंगे। इनमें शयनयान श्रेणी के सात, वातानुकूलित तृतीय श्रेणी के तीन, वातानुकूलित तृतीय इकोनॉमी श्रेणी के तीन और वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी के दो कोच शामिल हैं। शेष दो कोच एसएलआर श्रेणी के होंगे।


ट्रेन में कुल 1106 बर्थ उपलब्ध होंगी। इनमें एसी द्वितीय श्रेणी की 102, एसी तृतीय श्रेणी की 209, एसी इकोनॉमी की 240 और स्लीपर श्रेणी की 555 बर्थ शामिल हैं। कुल बर्थ का 70 प्रतिशत कोटा अयोध्या से जनकपुर तक की सीधी यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए निर्धारित किया गया है। वहीं, 30 प्रतिशत कोटा बीच के स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए रखा गया है। मध्यवर्ती स्टेशनों में अयोध्याधाम के बाद मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, मधुबनी और जयनगर शामिल हैं। इन स्टेशनों से यात्रा करने वाले यात्रियों को निर्धारित 30 प्रतिशत कोटे के तहत टिकट बुक कराने की सुविधा मिलेगी।


रेलवे की ओर से इस ट्रेन में कई तरह की रियायतों और सुविधाओं पर प्रतिबंध भी लगाया गया है। यात्रियों को किसी प्रकार की छूट नहीं मिलेगी। रेलवे पास, पीटीओ, विधायक कूपन और वारंट के आधार पर यात्रा की अनुमति नहीं होगी। इसके अलावा टिकट में नाम बदलने, बोर्डिंग स्टेशन बदलने, वेब कैंसिलेशन और टिकट संशोधन की सुविधा भी उपलब्ध नहीं रहेगी। टिकट खोने पर डुप्लीकेट टिकट जारी कराने और अन्य कोटे के तहत आरक्षण की व्यवस्था भी लागू नहीं होगी।

भारत और नेपाल के बीच यात्रा करने वाले यात्रियों के आरक्षण चार्ट अलग-अलग तैयार किए जाएंगे। इन चार्ट में यात्रियों के पहचान पत्र और राष्ट्रीयता का विवरण दर्ज रहेगा। जांच के लिए संबंधित अधिकारियों को ये चार्ट उपलब्ध कराए जाएंगे।


यह रहेगा ट्रेन का समय

ट्रेन संख्या 15595 जनकपुर धाम-अयोध्या कैंट सरयू-कमला एक्सप्रेस प्रत्येक शनिवार को दोपहर 1:10 बजे जनकपुर धाम से रवाना होगी। जयनगर से यह ट्रेन भारतीय समयानुसार दोपहर 3:10 बजे प्रस्थान करेगी। इसके बाद मधुबनी, शिशो, सीतामढ़ी, रक्सौल और नरकटियागंज होते हुए अगले दिन सुबह 4:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। गोरखपुर से सुबह 4:05 बजे रवाना होकर बस्ती और मनकापुर के रास्ते सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।


वापसी में ट्रेन संख्या 15596 प्रत्येक सोमवार को शाम 5:50 बजे अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के लिए रवाना होगी। यह अयोध्याधाम जंक्शन, मनकापुर और बस्ती होते हुए रात 10:23 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। यहां से नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शिशो, मधुबनी और जयनगर के रास्ते अगले दिन दोपहर 12:40 बजे जनकपुर धाम पहुंचेगी। इस ट्रेन के संचालन से अयोध्या और जनकपुर धाम के बीच धार्मिक एवं सांस्कृतिक संपर्क को मजबूती मिलने के साथ ही गोरखपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को नेपाल तक पहुंचने का सीधा रेल विकल्प मिलेगा।



आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।