बेलवा चौधरी कब्रिस्तान में रोशनी और पक्के रास्ते का अभाव, स्थानीय निवासी ने उठाई सुविधा की मांग

    27-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा के राजाजीपुरम वार्ड स्थित बेलवा चौधरी के कब्रिस्तान में बुनियादी सुविधाओं की कमी से स्थानीय लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कब्रिस्तान परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं है और वहां तक पहुंचने के लिए पक्का रास्ता भी उपलब्ध नहीं है। इस समस्या को लेकर स्थानीय निवासी सक्कू अंसारी ने शुक्रवार को नगर पालिका अध्यक्ष और अधिशासी अधिकारी को प्रार्थना पत्र सौंपकर आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की।


प्रार्थना पत्र के माध्यम से उन्होंने बताया कि कब्रिस्तान में रात के समय अंधेरा रहने के कारण लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। रोशनी की व्यवस्था नहीं होने से सांप और अन्य जहरीले जीवों का खतरा भी बना रहता है। वहीं, कब्रिस्तान तक पहुंचने वाला रास्ता कच्चा और जर्जर स्थिति में है। बरसात के दिनों में इस रास्ते पर कीचड़ और जलभराव की समस्या उत्पन्न हो जाती है, जिससे लोगों की परेशानी और बढ़ जाती है। सबसे अधिक दिक्कत जनाजे के दौरान होती है। खराब और फिसलन भरे रास्ते से गुजरने में लोगों के गिरकर चोटिल होने का खतरा बना रहता है। ऐसे में कब्रिस्तान के संपर्क मार्ग पर खड़ंजा निर्माण कराने के साथ ही परिसर और रास्ते पर पर्याप्त स्ट्रीट लाइट लगवाने की आवश्यकता जताई गई है।


सक्कू अंसारी ने बताया कि इस समस्या से पहले भी नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि को फोन और व्हाट्सएप के माध्यम से अवगत कराया जा चुका है। रास्ते की तस्वीरें भी भेजी गई थीं। करीब दो वर्ष पूर्व मुहर्रम के दौरान भी इन बुनियादी सुविधाओं की मांग उठाई गई थी, लेकिन अब तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।

उन्होंने नगर पालिका प्रशासन से मांग की कि कब्रिस्तान में जल्द प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए और संपर्क मार्ग का खड़ंजा निर्माण कराया जाए, ताकि स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी न हो। इस संबंध में अधिशासी अधिकारी विंध्याचल ने आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।