भारत-नेपाल व्यापारिक समझौतों को जल्द लागू करने की मांग, सोनौली सीमा से माल ढुलाई होगी आसान

    27-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। भारत और नेपाल के बीच व्यापार एवं परिवहन संपर्क को मजबूत बनाने के लिए हाल ही में हुए द्विपक्षीय समझौतों को जल्द लागू करने की मांग उठने लगी है। नेपाल फ्रेट फॉरवार्डर्स एसोसिएशन ने नेपाल के प्रधानमंत्री बालेंद्र शाह की 22 और 23 नवंबर को हुई भारत यात्रा के दौरान हुए समझौतों का स्वागत करते हुए इनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जरूरी प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी करने का आग्रह किया है।


उद्योग वाणिज्य संघ, रूपनदेही के महासचिव कृष्ण प्रसाद धिमिरे ने बताया कि इन समझौतों के लागू होने से भारत के रास्ते नेपाल पहुंचने वाले सामान की ढुलाई पहले से आसान और तेज हो सकेगी। इससे माल कम समय में सोनौली सीमा तक पहुंच सकेगा और परिवहन लागत में भी कमी आने की उम्मीद है। इसका सीधा लाभ नेपाल के आयातकों, व्यापारियों और परिवहन कारोबार से जुड़े लोगों को मिलेगा।


उन्होंने बताया कि परिवहन व्यवस्था बेहतर होने से व्यापारियों को अन्य मार्गों पर स्थित बंदरगाहों में लगने वाली भीड़ और माल की आवाजाही में होने वाली देरी से भी राहत मिल सकती है। इससे नेपाल के अंतरराष्ट्रीय व्यापार को गति मिलने के साथ ही आयात-निर्यात से जुड़ी प्रक्रियाएं अधिक सुगम हो सकेंगी।


हालिया समझौतों में भारत के गुजरात स्थित दीनदयाल (कांडला) बंदरगाह और आवश्यक बुनियादी ढांचा तैयार होने के बाद ओडिशा के पारादीप बंदरगाह के इस्तेमाल की संभावनाएं भी शामिल हैं। इसके अलावा रक्सौल-काठमांडू प्रस्तावित रेलमार्ग के सर्वे और नेपाल के पूर्व-पश्चिम रेल नेटवर्क के विकास में सहयोग जैसे विषय भी दोनों देशों के परिवहन संपर्क को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण माने जा रहे हैं।


नेपाल फ्रेट फॉरवार्डर्स एसोसिएशन का मानना है कि इन समझौतों का वास्तविक लाभ तभी मिल सकेगा, जब इनके क्रियान्वयन से जुड़ी नीतिगत, तकनीकी और प्रशासनिक प्रक्रियाएं समय से पूरी होंगी। ऐसे में दोनों देशों की सरकारों से आवश्यक औपचारिकताएं जल्द पूरी कर समझौतों को धरातल पर उतारने की अपेक्षा की जा रही है।


आपन महराजगंज

आपन महराजगंज (Aapan Maharajganj) 'मेन्स मीडिया ग्रुप' का एक प्रमुख रीजनल न्यूज़ प्लेटफॉर्म है, जो उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले की हर छोटी-बड़ी और निष्पक्ष खबरों के लिए जाना जाता है।

आपका जिला, आपकी खबर के मूल मंत्र के साथ, हम बिना किसी पक्षपात या मिर्च-मसाले के, आप तक निष्पक्ष, सच्ची और सटीक स्थानीय खबरें पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।