
महराजगंज। कोल्हुई थाना क्षेत्र में एक बाइक पर छह युवकों के सवार होकर सड़क पर फर्राटा भरने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने कार्रवाई की है। यातायात नियमों की अनदेखी करने के मामले में कोल्हुई पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। साथ ही बाइक का 12,500 रुपये का चालान भी किया गया है। वायरल वीडियो में छह युवक एक ही बाइक पर सवार होकर सड़क पर जाते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और जांच शुरू की। इसके बाद पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार युवकों की पहचान गुलाम अली और सुधीर यादव निवासी खैराटी, थाना नौतनवां तथा बीरू यादव निवासी चंदनपुर, थाना कोल्हुई के रूप में हुई है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अभय नारायण सिंह ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर बाइक समेत तीन लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई है। आरोपियों के विरुद्ध संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई है। यातायात नियमों के उल्लंघन पर बाइक का 12,500 रुपये का चालान भी किया गया है।