
महराजगंज। यातायात माह नवंबर-2026 के तहत सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और आमजन को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए महराजगंज पुलिस एवं परिवहन विभाग की ओर से विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन में इसी क्रम में स्कूली बच्चों ने यातायात जागरूकता रैली निकालकर लोगों को सड़क सुरक्षा का संदेश दिया। वहीं, दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट भी वितरित किए गए।
क्षेत्राधिकारी सदर, प्रभारी निरीक्षक कोतवाली, एआरटीओ महराजगंज और यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने अमरावती देवी पब्लिक स्कूल, बागापार के छात्र-छात्राओं के साथ जागरूकता रैली निकाली। रैली के माध्यम से आमजन को यातायात नियमों का पालन करने, सड़क सुरक्षा के प्रति सजग रहने और सुरक्षित तरीके से वाहन चलाने का संदेश दिया गया। इस दौरान निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने तथा सड़क पर अपनी और दूसरों की सुरक्षा का ध्यान रखने के लिए भी जागरूक किया गया।
इसके अलावा थाना कोतवाली क्षेत्र के नगर तिराहे पर हेम फाउंडेशन की ओर से हेलमेट वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें क्षेत्राधिकारी सदर ने दोपहिया वाहन चालकों को निःशुल्क हेलमेट वितरित किए। उन्होंने वाहन चालकों को दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की। साथ ही हेलमेट के महत्व को बताते हुए सड़क दुर्घटनाओं के दौरान सिर में लगने वाली गंभीर चोटों से बचाव के प्रति जागरूक किया।
पुलिस और परिवहन विभाग की ओर से आमजन से अपील की गई कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी हेलमेट का अनिवार्य रूप से इस्तेमाल करे। वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। अधिकारियों ने लोगों से स्वयं सुरक्षित रहने और दूसरों को भी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।