
महराजगंज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की ओर से जारी चुनावी घोषणा पत्र को लेकर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष और केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री पंकज चौधरी ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने सपा के कानून-व्यवस्था संबंधी वादों पर सवाल उठाते हुए कहा कि अखिलेश यादव के घोषणा पत्र में कानून-व्यवस्था की बात सुनकर उन्हें हंसी आती है। इस दौरान उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को।'
पंकज चौधरी ने कहा कि घोषणा पत्र जारी करना और उसमें किए गए वादों को जमीन पर उतारना दो अलग-अलग बातें हैं। उन्होंने वर्ष 2012 से 2017 के बीच उत्तर प्रदेश में रही समाजवादी पार्टी की सरकार का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि उस दौरान प्रदेश की कानून-व्यवस्था पूरी तरह बिगड़ गई थी। उनके मुताबिक, सपा सरकार के कार्यकाल में गुंडों और अराजक तत्वों को संरक्षण दिया गया। ऐसे में आज सपा का कानून-व्यवस्था को महत्वपूर्ण मुद्दा बताना राजनीतिक विडंबना है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने दावा किया कि भाजपा सरकार ने पांच वर्षों में उत्तर प्रदेश की पहचान बदलने का काम किया है। उन्होंने कहा कि यह भाजपा की राजनीतिक जीत है कि आज समाजवादी पार्टी को भी कानून-व्यवस्था की अहमियत समझ में आने लगी है। चौधरी ने आरोप लगाया कि सपा अपने शासनकाल में जिन लोगों को संरक्षण देती रही, आज उन्हीं मुद्दों पर जनता के सामने वादे कर रही है। सपा के घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के वादे पर भी पंकज चौधरी ने सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि घोषणा पत्र में वादे करना आसान है, लेकिन उन्हें पूरा करने की मंशा भी होनी चाहिए। उनके मुताबिक, विपक्षी दलों को पता है कि उनकी सरकार नहीं बनने वाली, इसलिए वे ऐसे वादे कर रहे हैं। उन्होंने सपा के चुनावी वादों की विश्वसनीयता पर सवाल उठाते हुए कहा कि जनता केवल घोषणाओं से प्रभावित होने वाली नहीं है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में पुरानी पेंशन योजना बहाल करने के साथ रोजगार और युवाओं से जुड़े कई वादे किए हैं। पार्टी ने पांच वर्षों में 25 लाख सरकारी नौकरियां देने और बेरोजगार स्नातकों को पांच हजार रुपये मासिक भत्ता देने का भी वादा किया है। ऐसे में इन घोषणाओं को लेकर भाजपा और सपा के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होती दिखाई दे रही है। वहीं, विभिन्न राजनीतिक दलों के गठबंधन और चुनाव लड़ने को लेकर पूछे गए सवाल पर पंकज चौधरी ने कहा कि सभी दलों को चुनाव लड़ने और गठबंधन बनाने का अधिकार है। हालांकि, उन्होंने समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही खींचतान पर भी निशाना साधा।
चौधरी ने कहा कि कांग्रेस जैसी पार्टी ने 181 सीटों की सूची जारी की, जबकि समाजवादी पार्टी ने उसे केवल 26 सीटें देने की बात कही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गठबंधन को लेकर अंतिम सहमति बनने से पहले ही सपा ने पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी घोषित कर दिए। उनके अनुसार, इससे दोनों दलों के बीच आपसी तालमेल की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है। पंकज चौधरी ने सपा के अलग से घोषणा पत्र जारी करने को भी कांग्रेस के लिए एक राजनीतिक संदेश करार दिया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी का घोषणा पत्र केवल भाजपा को निशाने पर रखने के लिए नहीं है, बल्कि इसके जरिए कांग्रेस को भी संदेश देने की कोशिश की गई है कि गठबंधन में रहना है तो रहिए।