
महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा के सरदार पटेल नगर वार्ड स्थित सबया ताल में शुक्रवार को गन्ने के खेतों में अचानक आग लगने से बड़ा नुकसान हो गया। आग ने देखते ही देखते आसपास के खेतों को भी अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में करीब 4.30 एकड़ क्षेत्रफल में खड़ी गन्ने की फसल पूरी तरह जलकर राख हो गई। हादसे में आठ किसानों की फसल बर्बाद होने से उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
जानकारी के अनुसार, आग लगने का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। आग की चपेट में नंदू चौरसिया, आनंद चौरसिया, राजकुमार यादव, विनोद यादव, देवेंद्र कुशवाहा, राजेंद्र, लोरिक और प्रेम प्रसाद के खेत आ गए। खेतों में आग फैलती देख आसपास के ग्रामीण और किसान मौके पर पहुंच गए। सभी ने अपने स्तर से आग बुझाने का प्रयास शुरू कर दिया। प्रभावित किसानों के मुताबिक, गन्ने की फसल उनकी आय का प्रमुख साधन थी। लंबे समय तक मेहनत और लागत लगाने के बाद फसल तैयार हुई थी, लेकिन अचानक लगी आग ने उनकी पूरी फसल को नष्ट कर दिया। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है और वे अब फसल की क्षति को लेकर चिंतित हैं।
घटना की सूचना मिलने पर अग्निशमन विभाग की टीम, कोठीभार पुलिस और हल्का लेखपाल चंदन मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों के सहयोग से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। समय रहते आग बुझने से आसपास के अन्य खेतों तक इसके फैलने का खतरा टल गया। मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल चंदन ने बताया कि प्रभावित किसान मुख्यमंत्री खेत कल्याण योजना के तहत सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। आवेदन प्राप्त होने के बाद फसल के नुकसान की जांच और आकलन कराया जाएगा। इसके बाद पात्रता के आधार पर नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया अपनाई जाएगी।