महराजगंज। नगर पालिका परिषद सिसवा में शुक्रवार को मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण अभियान और जनगणना-2027 को लेकर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के पदाधिकारियों के साथ बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी विंध्याचल ने की। इस दौरान उन्होंने व्यापारियों से अभियान में सहयोग करने और अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने की अपील की। बैठक में अधिशासी अधिकारी ने कहा कि जिन युवाओं की उम्र 18 वर्ष पूरी हो चुकी है, वे मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन करें।
वहीं, शादी के बाद जिन लोगों का निवास स्थान बदल गया है, वे मतदाता सूची में नाम स्थानांतरित कराने के लिए शिफ्टिंग फॉर्म भरें। मतदाता पहचान पत्र में नाम, पता या अन्य किसी प्रकार की त्रुटि होने पर उसमें संशोधन भी अवश्य कराएं। उन्होंने बताया कि 28 और 29 नवंबर को विशेष पुनरीक्षण अभियान के तहत नगर के सभी बूथों पर आवेदन फॉर्म भरने की व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा नागरिक ईसीआईनेट (ECINET) और वोटर हेल्पलाइन जैसे आधिकारिक माध्यमों से भी ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
जनगणना-2027 को लेकर अधिशासी अधिकारी ने नागरिकों से अपनी व्यक्तिगत जानकारी सही-सही दर्ज कराने की अपील की। उन्होंने बताया कि लोग स्वयं ऑनलाइन जनगणना की प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। स्व-गणना की प्रक्रिया पूरी होने के बाद मिलने वाले सेल्फ एन्यूमरेशन नंबर (Self Enumeration Number) को सुरक्षित रखना होगा। घर पर प्रगणक के पहुंचने पर उन्हें यह नंबर उपलब्ध कराना होगा, जिससे आगे की प्रक्रिया पूरी की जा सके। बैठक के दौरान अधिशासी अधिकारी ने व्यापार मंडल के पदाधिकारियों से नगर की समस्याओं और व्यापारियों को हो रही परेशानियों की जानकारी भी ली।
इस पर पदाधिकारियों ने विभिन्न समस्याओं को उनके सामने रखा। अधिशासी अधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित नगर पालिका कर्मचारियों को आवश्यक निर्देश दिए और उनके शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के सिसवा नगर अध्यक्ष शिबू खान, महामंत्री अश्वनी रौनियार, वरिष्ठ उपाध्यक्ष दीपक जायसवाल, संदीप मल्ल, कोषाध्यक्ष मकसूद अंसारी, उपाध्यक्ष मनीष रौनियार, हरिलाल सोनी, रजाउल अंसारी, धीरज जायसवाल, संगठन मंत्री संत राज विश्वकर्मा, बनारसी गुप्ता, अनिल जायसवाल सहित नगर पालिका के कर्मचारी मौजूद रहे।