
महराजगंज। सिसवा नगर के वार्ड नंबर-2 लोहिया नगर स्थित सय्यदा नूरी गर्ल्स कॉलेज (निषवा), सिसवा खुर्द खेखड़ा नहर परिसर में सोमवार, 2 नवंबर की रात फैजाने आला हजरत कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। रात 8 बजे शुरू हुआ कार्यक्रम देर रात करीब 2 बजे तक चला। इसमें बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर उलमा की बातें सुनीं।
कार्यक्रम में सबसे खास मौका तब आया, जब कुरआन-ए-पाक की किरात की शिक्षा पूरी करने वाली आठ बच्चियों को सम्मानित किया गया। सबीना खातून, शाहजहां खातून, शाहिना खातून, शबीना खातून, मरियम खातून, जुलेखा खातून, सालेहा खातून और सबरीना खातून को उलमा ने दस्तार पहनाई और उनके अच्छे भविष्य के लिए दुआ की। इस मौके पर लोगों ने खुशी जताई।
कार्यक्रम में मौलाना कारी शकील अख्तर निजामी ने कहा कि बच्चियों को दीनी शिक्षा के साथ दुनियावी शिक्षा भी जरूर दिलाएं। वहीं मौलाना अख्तर जमाली ने दीन और इस्लाम की शिक्षाओं के बारे में लोगों को बताया। कार्यक्रम का संचालन मशहूर नाजिम हलचल सिवानी ने किया। वहीं शायर-ए-इस्लाम नूर मुजस्सम ने नात पेश की, जिसे लोगों ने खूब पसंद किया।
कार्यक्रम के आखिरी दौर में हजरत सैय्यद अनस मियां ने लोगों को बैअत कराया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने उनसे जुड़कर आध्यात्मिक मार्गदर्शन प्राप्त किया।
कार्यक्रम की व्यवस्था मौलाना कमरूजमा चतुर्वेदी ने संभाली। इस मौके पर डॉ. जावेद, रमजान अली, मुजीब अहमद, एहसान अंसारी सहित कई गणमान्य लोग और क्षेत्र के लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्थानीय प्रशासन भी मुस्तैद रहा।