कालपी बार अध्यक्ष की हत्या के विरोध में फरेंदा के अधिवक्ताओं में आक्रोश, CM से की तीन प्रमुख मांगें

    03-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। सोनभद्र में कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष के अपहरण और हत्या की घटना को लेकर अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। घटना के विरोध में सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन, सिविल कोर्ट फरेंदा ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी फरेंदा के माध्यम से भेजा है। ज्ञापन के जरिए अधिवक्ताओं ने आरोपियों की गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये मुआवजा और अधिवक्ताओं की सुरक्षा के लिए प्रभावी कानून बनाने की मांग उठाई है।


एसोसिएशन की ओर से भेजे गए ज्ञापन में कहा गया है कि घटना के बाद प्रदेशभर के अधिवक्ताओं में रोष व्याप्त है। मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर अधिवक्ताओं ने सरकार का ध्यान आकृष्ट कराया है।


ज्ञापन में अधिवक्ताओं ने तीन प्रमुख मांगें उठाई हैं। पहली मांग है कि सोनभद्र में कालपी बार एसोसिएशन के अध्यक्ष की हत्या में शामिल आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए। दूसरी मांग के तहत मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये का आर्थिक मुआवजा देने की मांग की गई है। वहीं, तीसरी मांग में पूरे देश में अधिवक्ताओं और उनके परिवार के सदस्यों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रभावी कानून बनाने तथा उसे तत्काल लागू करने की बात कही गई है।


अधिवक्ताओं ने ज्ञापन के माध्यम से मुख्यमंत्री से पूरे मामले पर गंभीरता और सहानुभूतिपूर्वक विचार करने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि अधिवक्ताओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना बेहद जरूरी है, ताकि वे बिना किसी भय के अपने कर्तव्यों का निर्वहन कर सकें। यह ज्ञापन सिविल कोर्ट बार एसोसिएशन फरेंदा के सचिव/मंत्री अजीत मणि त्रिपाठी की ओर से जारी किया गया है। पत्र पर एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रेम कुमार सिंह रजौरे का नाम भी अंकित है।


फैयाज अहमद

फैयाज अहमद ‘आपन महराजगंज’ के लिए महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में रिपोर्टर के तौर पर कार्य करते हैं। वे स्थानीय खबरों, घटनाओं और जनसमस्याओं को प्रमुखता से कवर करते हैं।