लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन को लेकर कोठीभार पुलिस अलर्ट, पूजा समितियों के साथ बैठक कर दिए सख्त निर्देश

    03-Nov-2026   
Total Views |

महराजगंज। दीपावली के बाद होने वाले लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोठीभार पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को कोठीभार थाना परिसर में पुलिस अधिकारियों ने लक्ष्मी पूजा समितियों के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।


बैठक को संबोधित करते हुए थाना प्रभारी अखिलेश वर्मा ने कहा कि विसर्जन जुलूस के दौरान डीजे निर्धारित ध्वनि सीमा के अंतर्गत ही बजाए जाएं। किसी भी प्रकार के अशोभनीय, आपत्तिजनक या धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाले गाने बजाने की अनुमति नहीं होगी। नियमों का उल्लंघन करने पर पूजा समिति के जिम्मेदार पदाधिकारियों के साथ-साथ डीजे संचालकों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी पूजा समितियों से धार्मिक आयोजन की मर्यादा बनाए रखने और आपसी भाईचारे व सौहार्द के साथ विसर्जन कार्यक्रम संपन्न कराने की अपील की।


वहीं, सिसवा चौकी प्रभारी दिव्यप्रकाश मौर्य ने स्पष्ट किया कि प्रतिमा विसर्जन के लिए प्रशासन द्वारा निर्धारित मार्ग का ही उपयोग किया जाएगा। जुलूस के दौरान किसी भी नई परंपरा या गैरपरंपरागत गतिविधि की अनुमति नहीं दी जाएगी। सभी समितियों को प्रशासन के निर्देशों का पूरी तरह पालन करने को कहा गया।


बैठक में नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों की विभिन्न लक्ष्मी पूजा समितियों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने सभी पदाधिकारियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि आपसी समन्वय और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पालन कर लक्ष्मी प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाए।


रजाउल अंसारी

रजाउल अंसारी (Rajaul Ansari) 'आपन महराजगंज' में संवाददाता (सिसवा, विधानसभा 317) के रूप में कार्यरत हैं। यह सिसवा क्षेत्र की स्थानीय खबरों, जनसमस्याओं और विकास कार्यों से जुड़ी रिपोर्टिंग कवर करते हैं।